Sunday, February 15, 2026

              बीएसपी का लोहा चोरी करवाने वाले 2 सिपाही सस्पेंड…. चोरों ने पुलिस से सेटिंग कर पुराने रेलवे ट्रैक को काटकर कबाड़ी को बेचा

              भिलाई: दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने भट्टी थाने के दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। दोनों सिपाही चोरों के साथ मिलकर थाने के पीछे से भिलाई स्टील प्लांट का पुराना लोहा चोरी करवाते थे और उसे कबाड़ी के यहां बेच देते थे। घटना में कांग्रेस नेता का नाम भी जुड़ रहा है। थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की।

              आरक्षक 1170 मुरली मनोहर सोनी

              आरक्षक 1170 मुरली मनोहर सोनी

              एसपी दुर्ग ने भट्टी थाने में पदस्थ सिपाही क्रमांक 526 राजेंद्र बंछोर और आरक्षक 1170 मुरली मनोहर सोनी को सस्पेंड कर दिया है। ये दोनों थाने की पेट्रोलिंग में चलते थे। राजेंद्र बंछोर भट्ठी थाने में काफी लंबे समय से पदस्थ है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक थाने के पीछे से बीएसपी का पुराना रेलवे ट्रैक गुजरा था। यह ट्रैक बंद हो जाने से इस पर लोहा चोरों की नजर पड़ी। उन लोगों ने भट्टी थाने में सेटिंग करके रेलवे ट्रैक को गैस कटर से काटकर चोरी करना शुरू कर दिया।

              ट्रैक के नीचे लोहे के स्लीपर भी थे। इन लोगों ने यहां से कई लाख का लोहा चोरी कर कबाड़ी को बेच दिया। पूरे काम में सिपाही राजेंद्र बंसोड़ और मुरली मनोहर सोनी प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे। ये लोग रात में पेट्रोलिंग में रहते हुए लोहा चोरी करवाते थे और उसे कबाड़ी के यहां बिकवाकर कमीशन लेते थे।

              एसपी ने जारी किया दो सिपाहियों के सस्पेंशन का आदेश

              एसपी ने जारी किया दो सिपाहियों के सस्पेंशन का आदेश

              जानकारी होने के बाद भी नहीं की गई कार्रवाई

              थाने के पीछे से बीएसपी का लोहा चोरी हो रहा है, इस बात की जानकारी भट्टी थाना प्रभारी केके कुशवाहा को भी थी। इस पूरे खेल में एक कांग्रेसी नेता का हाथ भी शामिल है, इसके चलते टीआई ने भी कार्रवाई नहीं की। टीआई से खुली छूट मिलने के बाद सिपाहियों के भी हौसले इतने बढ़ गए कि इन लोगों ने रेलवे ट्रैक के साथ पुराना लोहा और खंभे तक चोरी करके बिकवा दिए। जब इसकी शिकायत एसपी अभिषेक पल्लव से हुई तो उन्होंने इसके खिलाफ कार्रवाई की।

              इस तरह काटा गया बीएसपी का पुराना रेलवे ट्रैक।

              इस तरह काटा गया बीएसपी का पुराना रेलवे ट्रैक।

              मामले में बिठाई गई विभागीय जांच

              दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि ये काफी गंभीर मामला है। शुरुआती जांच में सिपाहियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।

              दो टन लोहा के साथ कबाड़ी भी गिरफ्तार

              इस पूरे मामले में दुर्ग पुलिस ने कैंप 2 श्याम नगर निवासी कबाड़ी विजय चंद्राकर और कैंप 2 शारदापारा निवासी लिलेश कुमार दास को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो टन चोरी का लोहा और पिकअप सीजी 07 बीएस 3058 को जब्त किया है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories