सरगुजा: छत्तीसगढ़ में तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2024 का आगाज कल यानी शुक्रवार को सीएम साय करेंगे। इससे पहले गुरूवार को साईकिल रेस कॉम्पिटिशन हुआ। महोत्सव में देश के नामचीन और स्थानीय कलाकार परफॉर्मेंस देंगे। इनमें बॉलीवुड कलाकार पलक मुच्छल, अल्ताफ रजा, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इस दौरान कई एडवेंचर गेम्स का आयोजन भी किया गया है।
रोपाखार में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई गई हैं। इसमें हजारों की संख्या में सैलानी पहुंचेंगे। मैनपाट महोत्सव का खास आकर्षण सांस्कृति संध्या रहेगी। इसके साथ ही एडवेंचर गेम्स भी होंगे।

मैनपाट का दर्शनीय स्थल बौद्ध मंदिर।
23 को अल्ताफ रजा, मलखंभ की प्रस्तुति
कार्यक्रम के पहले दिन 23 फरवरी को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अल्ताफ रजा, मशहूर बॉलीवुड गायक रूपकुमार राठौर, हास्य कवि पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे, अबूझमाड़ मलखम्भ समूह, गायिका आंचल मंदिलवार गायिका मनाली सांखला, नृत्यांगना रित्विका बैनर्जी सहित स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

अल्ताफ रजा की पहले दिन देंगे प्रस्तुति।
24 को खेसारी लाल, दुलदुली डांस
कार्यक्रम के दूसरे दिन 24 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल, प्रसिद्ध गजल गायक कुमार सत्यम, छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू, सम्बलपुर के दुलदुली डांस ग्रुप द्वारा पारम्परिक नृत्य प्रस्तुति, सहित स्थानीय कलाकार परफॉर्मेंस देंगे।

बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल की होगी प्रस्तुति।
25 को पलक, संजय की प्रस्तुति
कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 फरवरी को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल, संगीत निर्देशक पलाश मुच्छल, छत्तीसगढ़ी गायक संजय सुरीला, प्रसिद्ध गायिका स्तुति जायसवाल और गायक स्वप्निल जायसवाल, अमनदीप, सूफी गायक नासिर निन्दर सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा भी कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

भोजपुरी सुपर स्टार खेसारी लाल मचाएंगे धमाल।
बहुरूपिया प्रतियोगिता, दंगल का होगा आयोजन
महोत्सव के दौरान कई कॉम्पिटिशन का आयोजन किया जाएगा। 23 फरवरी को ओपन बहुरूपिया प्रतियोगिता एकल और समूह दोनों श्रेणी में होगी, 24 फरवरी को ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच भिड़ंत होगी। वहीं प्रतिदिन तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन होगा।

हास्य कवि डा. सुरेंद्र शर्मा भी देंगे प्रस्तुति
मेला व एडवेंचर स्पोर्ट्स होंगे आकर्षण
महोत्सव स्थल पर विशाल मेला लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा, वहीं फूड जोन की भी उत्तम व्यवस्था होगी। एडवेंचर स्पोर्ट्स पैरासेलिंग,पैराग्लाइडिंग, कैम्पिंग, फैंसी पतंग उत्सव, बोटिंग का भी आयोजन किया जाएगा।
यातायात और पार्किंग के लिए रूट मैप
मैनपाट महोत्सव के लिए जिला औप पुलिस प्रशासन की ओर से मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। रूट मैप के अनुसार आयोजन स्थल और आसपास व्हीआईपी, अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सैलानियों के पार्किंग की व्यवस्था भी अलग की गई है। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रहेगी।
साईकिल रेस में 200 से अधिक प्रतिभागी
मैनपाट महोत्सव 2024 के अवसर पर पुरुष एवं महिला साइकिल रेस का आयोजन गुरूवार सुबह 7.30 बजे से किया गया। इसमें राज्य के अलग-अलग जिलों से शामिल होने वाले प्रतिभागियों में 157 पुरुष एवं 44 महिलाएं शामिल हुए। रेस 30 किमी साइकिलिंग के बाद नवापाराकलां में समाप्त हुई।
दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 21 हजार, द्वितीय स्थान के प्रतिभागियों को 11 हजार एवं तृतीय स्थान के प्रतिभागियों को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।

(Bureau Chief, Korba)



