Wednesday, February 18, 2026

              बिलासपुर : ट्रेलर की टक्कर से 2 करोड़ की स्वीपिंग मशीन क्षतिग्रस्त, केबिन में फंसे ड्राइवर को एक्सीवेटर की मदद से निकाला गया बाहर; 60 कर्मचारियों के जरिए सड़कों की हो रहीं मैनुअल सफाई

              बिलासपुर: जिले में ट्रेलर की टक्कर से 2 करोड़ की इटालियन स्वीपिंग मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके चलते शहर में सड़कों की मैकेनाइज्ड सफाई ठप हो गई है। ठेका कंपनी लायंस 60 कर्मचारियों के जरिए सड़कों की मैनुअल सफाई करा रही है।

              हादसा इतना भीषण था कि, ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। जिसे निकालने के लिए केबिन के सामने के हिस्से को एक्सीवेटर से बाहर खींचना पड़ा। इस मामले में लायंस के प्रोजेक्ट मैनेजर की ओर से ट्रेलर चालक के खिलाफ चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

              घायलों का सिम्स में इलाज

              लायंस सर्विस लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर चमन मिश्रा ने पुलिस को बताया कि, 19 मई की रात 10.30 बजे चिचिरदा मोड़ मेन रोड में स्वीपिंग मशीन पीबी 65 एके 4290 को ट्रेलर चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाकर पीछे से ठोकर मार दी।

              घटना में स्वीपिंग मशीन के ड्राइवर सुनील कोसले के दाहिने पैर और दोनों हाथ में, हेल्पर सुंदर यादव के बाएं पैर और कमर में चोट आई है। घटना में बुरी तरह आहत ट्रेलर चालक और स्वीपिंग मशीन के दोनों कर्मियों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया।

              सोलापुर से दूसरी स्वीपिंग मशीन मंगवाई

              नगर निगम के सफाई विभाग के प्रभारी अनुपम तिवारी ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि, लायंस कंपनी को मैकेनाइज्ड सफाई का ठेका दिया गया है। स्वीपिंग मशीन क्षतिग्रस्त होने के बाद उसके स्थान पर दूसरी मशीन सोलापुर (महाराष्ट्र) से मंगवाई गई है। इस दौरान मुख्य मार्गों, फुटपाथ की सफाई के लिए ठेकेदार की ओर से प्रतिदिन 60 कर्मियों को लगाया गया है। तिवारी के मुताबिक इटेलियन स्वीपिंग मशीन की लागत 2 करोड़ रुपए है।

              स्वीपिंग मशीन से रोज 19 किमी सड़क सफाई

              निगम प्रशासन के मुताबिक, नगर निगम सीमा के तहत कोनी रोड पर सिटी बस टर्मिनल, सीपत रोड पर वसंत विहार, शहर के अंदर लिंक रोड, हाईकोर्ट रोड चकरभाठा, उस्लापुर फ्लाई ओवर ब्रिज और गौरव पथ की सफाई रोड स्वीपिंग मशीन से की जाती है।

              इसके लिए रोटेशन निर्धारित है। जिसके मुताबिक सोमवार, गुरुवार और शनिवार को 19.9 किलोमीटर, रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को 18.4 किलोमीटर सड़क की सफाई की जाती है। स्वीपिंग मशीन अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सड़क की सफाई कर सकती है।


                              Hot this week

                              कोरबा: पाली महोत्सव 2026 का भव्य समापन; दिखा संस्कृति, संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम

                              दर्शकों के सामने बिखरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा, भक्ति...

                              Related Articles

                              Popular Categories