कोरबा : चार अवैध मकानों पर चला जेसीबी, सरकारी जमीन पर किया था कब्जा, नोटिस के बाद भी नहीं आए सामने

              कोरबा: जिले में सरकारी जमीनों पर हुए अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में सोमवार को निगम का तोड़ूदस्ता वॉर्ड नंबर 31 दादरखुर्द मैगजीन भांठा में पहुंचा, जहां करीब पौन एकड़ में बने 4 घरों को जेसीबी के सहारे तोड़ दिया गया।

              दरअसल, जिला प्रशासन को मिली शिकायत के बाद कलेक्टर ने पिछले दिनों अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए थे। निगम अधिकारी ने बताया कि बेजा कब्जाधारियों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था, लेकिन उनके द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले भी निगम की टीम ने इसी क्षेत्र में तीन अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की थी।

              बाउंड्री वॉल और मकान बनाकर फरार है अवैध कब्जाधारी

              नगर निगम तोड़ू दस्ता प्रभारी योगेश राठौर ने बताया कि दादर स्थित मैगजीन भाटा में सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। इसके साथ ही बाउंड्री वॉल और मकान निर्माण करने के बाद बंद कर फरार हो गए, जिनकी पतासाजी काफी की गई। अवैध कब्जाधारी सामने नहीं आए तो नोटिस चस्पा कर उन्हें समय दिया गया था।

              कुछ दिन पहले तोड़े गए थे तीन मकान

              योगेश राठौर ने बताया कि लगभग 1 एकड़ में जमीन दलाल कब्जा कर रखे थे और कुछ दिन पहले भी लगभग तीन मकान को तोड़ा गया था। अवैध रूप से कब्जा कर रखे थे। वहीं कार्रवाई के दौरान कोई भी कब्जाधारी सामने नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो जमीन दलाल इस इलाके में काफी सक्रिय हैं जो खाली पड़ी सरकारी जमीनों को कब्जा कर प्लॉट बना कर बेच रहे हैं।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories