Sports Desk: भारत ने चौथे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया, कंगारुओं पर टी-20 में दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की, सीरीज में 2-1 से आगे

          गोल्ड कोस्ट: भारत ने चौथे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हरा दिया। यह इंडिया की ऑस्ट्रेलिया पर टी-20 में दूसरी सबसे बड़ी जीत है। सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड 73 रन का है, जो भारतीय टीम ने 2014 में मीरपुर में बनाया था।

          यह भारतीय टीम की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर में सबसे बड़ी जीत भी है। पिछला रिकॉर्ड 37 रन का था, जो भारत ने 2016 में एडिलेड में बनाया था।

          गुरुवार को गोल्ड कोस्ट में चौथा टी-20 मैच खेला गया। इसमें 168 रन का टारगेट चेज कर रही ऑस्ट्रेलिया 18.2 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई। वॉशिंगटन सुंदर ने 3 रन देकर 3 विकेट झटके। अक्षर पटेल और शिवम दुबे को 2-2 विकेट मिले।

          टॉस हारकर बैटिंग कर रही भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए। शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 46 रनों की पारी खेली। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ 56 रनों की ओपनिंग साझेदारी की।

          कप्तान सूर्यकुमार यादव 20 और शिवम दुबे 22 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस और एडम जम्पा ने 3-3 विकेट झटके। जैवियर बार्टलेट और मार्कस स्टोयनिस को एक-एक विकेट मिला।

          खास बातें…

          • वॉशिंगटन सुंदर के टी-20 इंटरनेशनल में 50 विकेट हो गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पारी के 19वें ओवर में एडम जम्पा को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की।
          • जसप्रीत बुमराह के 99 विकेट हो गए हैं। वे 100 विकेट पूरे करने से एक विकेट दूर हैं। बुमराह टी-20 में भारत के दूसरे टॉप विकेट टेकर हैं। अर्शदीप सिंह 105 विकेट के साथ टॉप पर हैं।

          प्लेयर ऑफ द मैच : अक्षर पटेल

          ऑलराउंडर अक्षर पटेल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने भारतीय पारी के आखिरी ओवर्स में 11 बॉल पर एक चौके और एक छक्के के सहारे नाबाद 21 रन की पारी खेली। इस पारी ने टीम का स्कोर 167 रन तक पहुंचा दिया। फिर गेंदबाजी में मैथ्यू शॉर्ट (25 रन) और जोश इंग्लिस (12 रन) को आउट करके ऑस्ट्रेलिया पर शुरुआती दबाव बनाया। उन्होंने 4 ओवर्स की गेंदबाजी में 20 रन दिए।

          भारत ने 2-1 की बढ़त बनाई

          इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का पहला मुकाबला बेनतीजा रहा था। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे मैच को जीतकर 1-0 की बढ़त ली थी। उसके बाद भारत ने तीसरे मैच में जीत दर्ज करके 1-1 की बराबरी हासिल की थी।

          मैच के बाद किसने क्या कहा…?

          अक्षर पटेल बोले- टीम के लिए योगदान देकर खुश हूं

          प्लेयर ऑफ द मैच अक्षर पटेल ने कहा-

          टीम के लिए योगदान देकर खुश हूं। मेरे पास विकेट भांपने का समय था। साथियों ने बताया था कि पिच आसान नहीं है और गेंद रुक कर आ रही है। इसीलिए मैंने इंतजार किया और शॉर्ट खेले।

          उन्होंने कहा-

          बतौर बॉलर यही सोचता हूं कि बैटर का मजबूत पक्ष क्या है। मेरी योजना यही रहती है कि अगर बैटर मुझे हिट करे तो मैं गुड लेंथ एरिया के आसपास गेंद डालूं। और अगर वह स्वीप का प्रयास करते हैं तो फुलर लेंथ गेंद डालूं।

          सूर्यकुमार यादव ने कहा- बैटर्स को जीत का श्रेय

          भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस जीत का श्रेय बल्लेबाजों को दिया। उन्होंने कहा-

          शुभमन और अभिषेक ने अच्छी शुरुआत दिलाई। बाद में आने वाले सभी बैटर्स ने योगदान दिया। मुझे लगता है कि बैटर्स की ओर से यह एक कम्पलीट टीम एफर्ट था। ओस थी, लेकिन गेंदबजों ने खुद को परिस्थितियों के हिसाब से अच्छी तरह से ढाला।

          प्लेइंग-11

          ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, जोश फिलिप, मार्कस स्टोयनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जैवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशस, नाथन एलिस और एडम जम्पा।

          भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।



                    Hot this week

                    रायपुर : बहनों की खुशहाली का उपहार, विष्णु भैया की सरकार

                    महतारी वंदन से मिली राशि से सालू खरीदेंगी भाई...

                    रायपुर : लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति

                    प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा पदस्थापना आदेश जारी, 15 दिनों...

                    Related Articles

                    Popular Categories