कोरबा: जिले में धर्मांतरण को लेकर शनिवार को रूमगड़ा न्यू शांति नगर बस्ती में हिंदू संगठनों और मसीह समाज के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले और बाद में सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की गई। यह मामला बालको थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 47 का है।
जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि एक निजी मकान में क्रिश्चियन कमेटी द्वारा धर्मांतरण की प्रक्रिया चल रही थी। धर्मांतरण की खबर मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे।
हिंदू संगठन के सदस्यों का आरोप है कि सनातन धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही जा रही थीं और लोगों को पैसे और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। विरोध बढ़ने पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इसी दौरान धर्मांतरण कराने वाले एक व्यक्ति को हिंदू संगठन के युवाओं ने थप्पड़ जड़ दिया, जिससे माहौल और गर्मा गया और दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे।

वार्ड 17 के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने बताया कि जब वे जानकारी लेने पहुंचे, तब संजय मसीह ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और सभी ईसाई समुदाय के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के बाद पार्षद लक्ष्मण महंत ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है।
मसीह समाज के लोगों ने किया चक्का जाम
हिंदूवादी संगठन के विरोध के कुछ घंटे बाद मसीह समाज के लोगों ने बालको परसाभाटा में चक्का जाम कर दिया। बालको के पास्टर पीटर ने बताया कि वे क्रिसमस की तैयारी को लेकर जिले के सभी पादरी और अन्य सदस्यों के साथ बैठक में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्ष्मण श्रीवास और हेमंत नामक युवक आए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे, जिससे विवाद की स्थिति बनी और उन्हें थप्पड़ मारा गया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि बालको क्षेत्र में विवाद की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

(Bureau Chief, Korba)





