कोरबा: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हादसा, यार्ड में कर्मचारी ओएचई तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसा, दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग का काम कर रहा था

          कोरबा: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के यार्ड में सोमवार शाम एक कर्मचारी ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। वह दुर्घटना राहत वैन पर पेंटिंग का काम कर रहा था।

          घायल कर्मचारी की पहचान श्याम चौहान (लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

          रेलवे के सी एंड डब्ल्यू विभाग द्वारा राहत वैन को पेंट कराने का काम एक स्थानीय पेटी ठेकेदार को दिया गया था। ठेकेदार ने यह काम स्टेशन के पास बस्ती में रहने वाले युवकों को सौंपा था।

          वैन पर चढ़ते समय बिजली की चपेट में आया कर्मी

          बताया जा रहा है कि दुर्घटना राहत वैन पर काम करते समय आमतौर पर लाइन में विद्युत प्रवाह बंद कर दिया जाता है। काम खत्म होने के बाद इसे फिर से चालू किया जाता है। घटना के समय भी यही हुआ; सभी कर्मी काम खत्म कर घर जाने की तैयारी में थे, तभी श्याम चौहान अचानक वैन पर चढ़ा और उस दौरान लाइन चालू कर दी गई थी, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।

          घटना की जानकारी मिलते ही सी एंड डब्ल्यू के इंचार्ज एसएसई, आरपीएफ और अन्य रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। झुलसे मजदूर को जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। रेलवे अस्पताल में नई एम्बुलेंस उपलब्ध होने के बावजूद घायल को ले जाने के लिए एम्बुलेंस नहीं मिल पाई। अंततः उसे रेलवे आरपीएफ के विभागीय वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।


                      Hot this week

                      Related Articles

                      Popular Categories