ढाका: बांग्लादेश ने गुरुवार को भारत में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद टीम का टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है। एक दिन पहले ही ICC ने स्पष्ट किया था कि बांग्लादेश के सभी ग्रुप मैच भारत में ही कराए जाएंगे।
इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने मांग की थी कि उसके सभी मुकाबले भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। ICC ने बुधवार को यह मांग खारिज कर दी और BCB को इस पर फैसले के लिए एक दिन का समय दिया था।
बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने नेशनल टीम के खिलाड़ियों के साथ आज ढाका में बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा, ‘हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता अब भी बनी हुई है।’
वहीं, BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा कि बोर्ड एक बार फिर ICC से बातचीत करेगा और अपनी चिंताओं को मजबूती से रखेगा। बांग्लादेश अपनी लड़ाई जारी रखेगा। इस बीच, ICC ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स की तैयारियों पर संतोष जताया है। ICC की निरीक्षण टीम ने BCCI के साथ मैदान का दौरा किया था। यहां ग्रुप स्टेज के 4 मैच खेले जाने हैं।
खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा-
ICC कितना भी कहे कि सुरक्षा का खतरा नहीं है, लेकिन हकीकत यह है कि हमारे खिलाड़ी को IPL से बाहर निकाला गया। वही देश वर्ल्ड कप की मेजबानी करने जा रहा है। ऐसे में सवाल यह है कि तब से अब तक क्या बदला है?
उन्होंने कहा-
अगर मुस्तफिजुर जैसे खिलाड़ी को सुरक्षा नहीं दी जा सकती, तो हम कैसे भरोसा करें कि ICC हमारे सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा देगा।
नजरुल ने कहा-
इस बैठक का मकसद सिर्फ यह जानना था कि खिलाड़ी क्या चाहते हैं। हम अपने खिलाड़ियों को किसी भी तरह के खतरे में नहीं डालना चाहते।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौराना बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल।
बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार क्यों किया, जानिए 2 बड़ी वजह
- बांग्लादेश में हिंदुओं की लगातार हो रही हत्याओं के विरोध में BCCI ने बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करवा दिया। BCB ने इसका विरोध किया।
- मुस्तफिजुर को बाहर किए जाने को बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टियों ने मुद्दा बना दिया। फिर यूनुस सरकार ने अपने देश में IPL प्रसारण पर बैन लगा दिया। इसके बाद क्रिकेट बोर्ड ने भारत में वर्ल्ड कप ना खेलने की मांग की जिसे ICC ने ठुकरा दिया।
बांग्लादेश को भारत में ना खेलने का क्या नुकसान हो सकते हैं
- टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगा बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर सकता है। क्योंकि, ICC ने बांग्लादेश के मैचों का वेन्यू और ग्रुप बदलने से इनकार कर दिया है।
- BCCI भी सीरीज खेलने से इनकार कर सकता है BCCI भी बांग्लादेश से द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार कर सकता है। इसका सीधा असर BCB की कमाई पर होगा।
- बांग्लादेश वर्ल्ड क्रिकेट में अलग-थलग पड़ जाएगा BCB वर्ल्ड क्रिकेट में अलग-थलग पड़ जाएगा। वजह- बुधवार को ICC बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश के खिलाफ 14 देशों ने वोट किया था। उसे सिर्फ पाकिस्तान का समर्थन मिला है।
- IPL जैसी दूसरी लीग में भी नुकसान होगा IPL की ज्यादातर टीमें दुनिया की दूसरी टी20 लीग में भी दखल रखती हैं। मुंबई इंडियंस जैसी फ्रेंचाइजी वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की लीग में टीमें उतारती हैं। अब भारतीय फ्रेंचाइजी दूसरी लीग से भी बांग्लादेशी क्रिकेटर्स को बाहर का रास्ता दिखा सकती हैं।
- बांग्लादेशी क्रिकेटरों की स्पॉन्सरशिप कम हो जाएगी बांग्लादेशी क्रिकेटरों को भारतीय कंपनियों से मिलने वाली कमाई कम होगी। भारत की कई कंपनियों ने बांग्लादेश क्रिकेटर्स को स्पॉसर करती हैं। मौजूदा विवाद के चलते ऐसे ही दो क्रिकेटरों के कॉन्ट्रैक्ट होल्ड कर दिए गए थे। विवाद बढ़ने पर ये कॉन्ट्रैक्ट रद्द किए जा सकते हैं।
पाकिस्तान ने समर्थन किया था, लेकिन बहिष्कार नहीं
एक दिन पहले बांग्लादेश को उम्मीद थी कि PCB उसके समर्थन में टूर्नामेंट का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तानी बोर्ड ने ICC बोर्ड मीटिंग में सपोर्ट भी किया, लेकिन टूर्नामेंट से हटने की बात नहीं कही। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप खेलने के फैसले पर फिर विचार कर सकता है।
स्कॉटलैंड को मौका मिल सकता है
बांग्लादेश के वर्ल्ड कप से हटने के बाद स्कॉटलैंड मिलना लगभग तय इै। हालिया मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि स्कॉटलैंड को रैंकिंग के आधार पर वर्ल्ड कप में मौका दिया जा सकता है। जैसा कि 2009 में जिम्बाब्वे के हटने पर हुआ था।
7 फरवरी से होने जा रहे टूर्नामेंट में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। उसके तीन ग्रुप मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने हैं। टीम का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच मुंबई में होना है।
मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने पर विवाद
बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के कारण BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL में खेलने की अनुमति नहीं दी है। उन्हें KKR ने 3 जनवरी को BCCI के कहने पर टीम से बाहर कर दिया था।
इससे बौखलाई बांग्लादेश सरकार ने अपने यहां IPL मैचों के प्रसारण पर रोक लगा दी। इसके बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देकर 7 फरवरी से होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में वेन्यू बदलने की मांग भी की।
KKR ने मुस्तफिजुर को ₹9.2 करोड़ में खरीदा था, फिर IPL से बाहर करने पर विवाद
16 दिसंबर को IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के कारण भारत में मुस्तफिजुर का विरोध होने लगा। अब तक वहां 7 हिंदुओं की हत्या कर दी गई है। बाद में BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी और 3 जनवरी को KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया।

(Bureau Chief, Korba)




