कोरबा: जिले में बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के गले के चाकू घोंप दिया। इसके बाद उसने खुद का गला काट लिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि गर्लफ्रेंड की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। हालांकि, अभी तक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जानकारी के मुताबिक, बॉयफ्रेंड का नाम शुभम नायडू (28) है। जो कि शादीशुदा था और उसकी एक बच्ची है। जबकि गर्लफ्रेंड का नाम निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) है। दोनों बिलासपुर के रहने वाले हैं। दोनों बस से कोरबा पहुंचे थे। मंगलवार देर रात शुभम ने चाकू से निशा गले पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल गर्लफ्रेंड ने किसी तरह वीडियो कॉल कर पुलिस और अपने परिजनों को इशारे से घटना की जानकारी दी। गर्लफ्रेंड को बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस की मानें तो प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
देखिए पहले ये तस्वीरें-

विवाद के बाद बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के गले पर चाकू घोंपा।

डॉक्टरों ने जांच के बाद बॉयफ्रेंड को मृत घोषित कर दिया।

एम्बुलेंस की दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, युवक और युवती मंगलवार शाम से लापता थे। युवती के लापता होने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। ऐसे में बिलासपुर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस बीच दोनों करीब 9 बजे रात को दोनों बस से कोरबा पहुंचे। संडैल नाला के पास दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इस दौरान बॉयफ्रेंड शुभम ने गर्लफ्रेंड निशा के गले में चाकू गोद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और गिर गई। इसके बाद उसी चाकू से शुभम ने खुद का गला काट लिया। इधर, खून से लथपथ जमीन पर पड़ी निशा ने किसी तरह 112 पर कॉल किया। और परिजनों को वीडियो कॉल करके घटना की जानकारी दी।

मामले की जानकारी मिलते ही एएसपी समेत अन्य पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे।
गर्लफ्रेंड की हालत गंभीर, बिलासपुर रेफर
युवती ने पुलिस को लोकेशन भी बताई। लोकेशन मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निशा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड का मोबाइल जब्त
पुलिस ने शुभम के परिजनों को वारदात की सूचना दे दी है। वे कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल, इस मामले मे उरगा थाना पुलिस ने घटनास्थल से बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। जिसकी जांच की जा रही है। साथ ही युवती के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।
शादीशुदा था युवक, एक बच्ची भी है
एएसपी लखन पटने ने बताया कि युवक बिलासपुर के सरकंडा का रहने वाला था। वह शादीशुदा था, पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। उसकी एक बच्ची भी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(Bureau Chief, Korba)





