कोरबा: रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, में 11 फरवरी को निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन

              कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी के नेतृत्व में आम नागरिकों में कैंसर की समय पर पहचान और रोकथाम को ध्यान में रखते हुए 11 फरवरी 2026 को निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग कोरबा और बालको मेडिकल सेंटर रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोरबा में आयोजित होगा।

              शिविर में बालको मेडिकल सेंटर रायपुर के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. गौरव गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा कैंसर की प्रारंभिक जांच, महिलाओं के लिए आवश्यक परामर्श तथा चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। शिविर में सर्वाइकल (बच्चेदानी) कैंसर के लिए पेप स्मीयर जांच, स्तन कैंसर की जांच के लिए मेमोग्राफी, मुख कैंसर सहित अन्य सभी प्रकार के कैंसर के लिए निःशुल्क जांच सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

              मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कैंसर गंभीर किन्तु समय पर पहचान होने पर उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों को पहचानना अत्यंत आवश्यक है, जैसे शरीर के वजन में बिना कारण कमी होना, लंबे समय तक घाव का न भरना, लगातार खांसी या आवाज में परिवर्तन, स्तन में गांठ या असामान्य स्त्राव, मुंह के छाले का लंबे समय तक बने रहना, असामान्य रक्तस्त्राव तथा लगातार थकान जैसे लक्षण। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराना आवश्यक है।

              कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि कैंसर के मरीज तथा ऐसे सभी व्यक्ति जिनमें उपरोक्त लक्षण दिखाई देते हों, वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और बिना संकोच रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोरबा में आयोजित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में पहुंचकर जांच अवश्य कराएं।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories