कोरबा: चैतमा स्थित निर्माणाधीन चिकित्सक आवास का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

          गुणवत्ता में लापरवाही पर जताई नाराज़गी, ठेकेदार को नोटिस जारी करने और सुधार के साथ शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

          कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने पाली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम चैतमा स्थित निर्माणाधीन चिकित्सक आवास का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

          कलेक्टर ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए ईंटों की जोड़ाई, आंतरिक निर्माण और अन्य तकनीकी कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य में त्रुटियाँ पाए जाने पर उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा  के इंजीनियर एवं संबंधित ठेकेदार पर नाराज़गी व्यक्त की तथा कार्यों को सुव्यवस्थित और सुनियोजित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदार एवं अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा दीवारों में पाई गई त्रुटियों को तत्काल सुधारते हुए आवश्यक ग्राउटिंग कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अन्य कमियों का पुनः परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण सुधार करने के निर्देश भी प्रदान किए।

          निर्माण कार्य में पाई गई गुणवत्ता संबंधी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने ठेकेदार श्री राहुल शर्मा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कटघोरा स्थित शासकीय पीजी कॉलेज में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा इसे गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

          गुणवत्तापूर्ण कार्य कर समय-सीमा में पूर्ण करें कॉलेज का निर्माण

          कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने ग्राम उतरदा में पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित किए जा रहे ग्राम्य भारती हरदीबाजार कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कॉलेज भवन हेतु बाउंड्रीवाल और छात्रावास की मांग रखे जाने पर उन्होंने संबंधित प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे 8 किमी लंबी उत्तरदा-रेकी सड़क का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

          नेशनल हाइवे छुरी-कटघोरा मार्ग का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

          कलेक्टर श्री दुदावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग छुरी-कटघोरा मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने नेशनल हाइवे के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में प्रगति लाते हुए इसे शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories