रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ शासन ने रायपुर जिले के विकासखंड धरसींवा स्थित बरडीह जलाशय के नहर लाईनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए 243.98 लाख ( दो करोड़ तैंतालीस लाख अठानवे हजार रूपये) रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है l परियोजना पूर्ण होने के उपरांत रूपांकित 101 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता के विरुद्ध वर्तमान में 41 हेक्टेयर की कमी की पूर्ति करते हुए पूरे क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस जलाशय के नहर लाईनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य से क्षेत्र के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया हैं कि कार्य स्वीकृत राशि एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण किया जाए। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही निविदा आमंत्रित की जाएगी तथा निविदा प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। कम से कम 75 प्रतिशत बाधा रहित भूमि उपलब्ध होने के बाद ही निविदा प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। कार्य की गुणवत्ता, सामग्री की मानकता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य संपादित किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त वित्तीय देनदारी उत्पन्न होने की स्थिति में पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
यह परियोजना धरसींवा क्षेत्र में जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

(Bureau Chief, Korba)


