KORBA : पाली महोत्सव में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल

              कोरबा (BCC NEWS 24): पाली महोत्सव 2026 के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज के मार्गदर्शन में एकीकृत बाल विकास परियोजना पाली द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक विभागीय स्टॉल स्थापित किया गया। स्टॉल का मुख्य थीम प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर केंद्रित था, जिसे मॉडल के रूप में सुसज्जित कर प्रदर्शित किया गया। स्टॉल में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रदत्त वित्तीय सहायता, पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं लाभ प्राप्ति की संपूर्ण जानकारी सरल एवं दृश्यात्मक माध्यम से प्रस्तुत की गई। आगंतुकों ने मॉडल के माध्यम से योजना की प्रक्रियाओं को समझा तथा उपस्थित पर्यवेक्षको से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।

              स्टॉल में “वजन त्यौहार” पर केंद्रित विशेष कॉर्नर भी बनाया गया, जिसमें बच्चों के नियमित वजन मापन, कुपोषण की पहचान, ग्रोथ मॉनिटरिंग एवं पोषण परामर्श की जानकारी दी गई। आम नागरिकों, विशेषकर माताओं एवं अभिभावकों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई।इसके अतिरिक्त महिला स्व-सहायता समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे रेडी टू ईट यूनिट का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आमजनों को सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, महतारी वंदन योजना तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों द्वारा योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए हितग्राहियों को लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।

              पाली महोत्सव के दौरान विभागीय स्टॉल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल में प्रदर्शित मॉडलों एवं योजनाओं की प्रस्तुति की सराहना करते हुए विभागीय टीम को जनजागरूकता के इस सराहनीय प्रयास हेतु बधाई दी। साथ ही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने हेतु आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए गए। पाली महोत्सव में लगाए गए इस विभागीय स्टॉल ने न केवल जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बना। बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने स्टॉल का अवलोकन किया तथा विभागीय पहल की सराहना की।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories