आगरा: यूपी ATS ने आगरा से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। वह भारतीय नौसेना यानी नेवी में लांस नायक है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहा था। उसने ISI एजेंट को देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और डिटेल्स भेजी हैं।
ATS ने मंगलवार को आरोपी आदर्श कुमार उर्फ लकी को आगरा में उसके गांव कागारौल थाने के गांव चीतपुर से दबोचा। उसकी 22 दिन पहले ही शादी हुई थी। हनीमून मनाने दुबई गया था। 3 दिन पहले ही वहां से लौटा था। हालांकि, लकी के पिता ने दावा किया कि बेटा दुबई नहीं, मनाली गया था।
लांस नायक ने अपने बैंक खाते से ISI एजेंट को पैसे भी ट्रांसफर किए थे। इसकी पुष्टि उसके पास मिले दस्तावेजों से हुई है।

यह तस्वीर आदर्श कुमार उर्फ लकी की है। कहा जा रहा है कि यह फोटो मनाली में खींची गई थी।
केरल में तैनात था लांस नायक लकी
लांस नायक आदर्श कुमार की तैनाती कोच्चि (केरल) में दक्षिणी नेवल कमांड में थी। ATS को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि आदर्श पाकिस्तानी एजेंसी ISI को भारत से जुड़ी अहम जानकारियां भेज रहा है।
ATS ने लकी को उसके गांव से पकड़कर पूछताछ की। इसमें पुष्टि हुई कि उसने बेहद संवेदनशील सूचनाएं शेयर कीं। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की भी जांच की गई, जिसमें उसके जासूस होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद ATS ने आदर्श को गिरफ्तार कर आगरा कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया। एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि कहीं इस जासूसी नेटवर्क में और लोग तो शामिल नहीं हैं।

ये तस्वीर आरोपी लकी के घर की है।
19 फरवरी को हुई थी शादी
पड़ोसियों ने आदर्श के पाकिस्तानी एजेंट होने की जानकारी पर हैरानी जताई। उन्होंने बताया कि आदर्श 7 साल पहले नेवी में भर्ती हुआ था। 19 फरवरी को उसकी शादी मथुरा के विशावर की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी समारोह आदर्श के गांव कागारौल के सूरज गार्डन में हुआ था।
शादी के बाद आदर्श पत्नी को लेकर हनीमून मनाने दुबई गया था। उसके वापस आते ही ATS ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गांववालों कहते हैं, कभी लगा नहीं था कि आदर्श पाकिस्तानी एजेंट हो सकता है। वह बहुत सीधा-सादा लगता था।
आसपास के लोगों से बात करके पता चला कि आदर्श के पिता बलवीर तीन भाई हैं। सभी संयुक्त परिवार में रहते हैं। बलवीर शराब की दुकान पर काम करते हैं।

आदर्श के पिता बलवीर ने बताया- मेरा बेटा सही है। उसे फंसाया गया है।
पिता ने कहा- मेरे बेटे को फंसाया गया
आदर्श के पिता बलवीर ने बताया- मेरा बच्चा सही है। मेरे बच्चे की 19 फरवरी को शादी हुई थी। मेरा बेटा कुल्लू मनाली जरूर घूमने गया था, लेकिन दुबई नहीं गया। झूठी अफवाह उड़ाई जा रही है। उसे फंसाया जा रहा है। मेरा बेटा निर्दोष है।

क्या रवींद्र की तरह हनीट्रैप का शिकार हुआ लकी?
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी अक्सर हनीट्रैप में फंसाकर लोगों से जासूसी करवाती है। एक साल पहले आगरा के रवींद्र कुमार को ATS ने जासूसी के आरोप में दबोचा था। वह फेसबुक पर नेहा शर्मा नाम की महिला के संपर्क में आया था।
रवींद्र कुमार ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की गोपनीय दस्तावेज ISI के लिए काम करने वाली महिला को भेज रहा था। इसमें ड्रोन, गगनयान प्रोजेक्ट और अन्य गोपनीय जानकारी/ स्क्रीनिंग कमेटी का कॉन्फिडेंशियल लेटर मिला था। एजेंसी को शक है कि लांस नायक लकी भी हनीट्रैप का शिकार हुआ है। जांच की जा रही है।

आगरा से कब-कब पकड़े गए जासूस?
14 मार्च, 2025: रवींद्र कुमार (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मचारी)
किसने पकड़ा: यूपी ATS
आरोप: पाकिस्तान की महिला हैंडलर के हनीट्रैप में फंसकर रक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी भेजना।
14 मार्च, 2025: रवींद्र कुमार का एक सहयोगी भी पकड़ा गया
आरोप: ISI हैंडलर को संवेदनशील सूचनाएं साझा करने में मदद।
27 सितंबर, 2023: शैलेश कुमार
किसने पकड़ा: यूपी ATS
आरोप: फेसबुक के जरिए ISI हैंडलर से संपर्क कर सेना से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा करना।
सभी केस में एक पैटर्न
▪️ अधिकतर मामलों में सोशल मीडिया (Facebook/WhatsApp) के जरिए संपर्क। ▪️ कई मामलों में हनीट्रैप या पैसों का लालच। ▪️ निशाना अक्सर रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़े कर्मचारी या संवेदनशील जानकारी रखने वाले लोग।

(Bureau Chief, Korba)




