कोरबा जिले के 79 हजार से अधिक किसानों के खातों में हस्तांतरित हुई 16.14 करोड़ की सम्मान निधि

              पी.एम. किसान उत्सव दिवस’ के अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

              कोरबा (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कृषकों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा ‘पी.एम. किसान उत्सव दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योजना की 22वीं किश्त के देशव्यापी डिजिटल हस्तांतरण के साथ ही कोरबा जिले के किसानों के बैंक खातों में खुशहाली की राशि अंतरित की गई। जिले के कृषि विज्ञान केन्द्र लखनपुर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में जिले के कुल 79 हजार 629 पात्र कृषकों के खातों में डी.बी.टी. (प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण) के माध्यम से कुल 16.14 करोड़ रुपये की राशि सीधे जमा की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन और किश्त हस्तांतरण प्रक्रिया का वेबकास्टिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक देखा। यह आयोजन जिला स्तर के साथ-साथ विकासखंड, ग्राम पंचायत और ग्रामीण नोडल अधिकारी स्तर पर भी व्यापक रूप से संपन्न हुआ।

              समारोह में उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने योजना के निर्बाध लाभ हेतु तकनीकी अनिवार्यताओं पर विशेष बल दिया। किसानों को ई-केवाईसी पूर्ण कराने, बैंक खातों की आधार सीडिंग सुनिश्चित करने और ’फार्मर आईडी’ की उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु ‘‘नो यूअर स्टेट्स‘‘ मॉड्यूल का प्रदर्शन किया गया, जिससे वे स्वयं अपने खाते और प्राप्त किश्त की स्थिति का अवलोकन कर सकें। जिले भर में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 650 हितग्राही प्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित हुए, जबकि जिला स्तरीय मुख्य समारोह में 65 प्रगतिशील कृषकों की सक्रिय सहभागिता रही। शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में तकनीक के समावेश के साथ-साथ लघु एवं सीमांत कृषकों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories