रायपुर (BCC NEWS 24): ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजनाएक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जरूरतमंद परिवारों का पक्का घर पाने का सपना साकार हो रहा है और उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के विकासखंड कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत अमोदी की निवासी हितग्राही श्रीमती लता बाई यादव, पति श्री पदुम यादव, भी इस योजना से लाभान्वित हुई हैं। उन्हें योजना के तहत 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई, जिससे उनका पक्का आवास निर्मित हो सका। पूर्व में कच्चे मकान में रहने वाली लता यादव का परिवार अब सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में जीवन यापन कर रहा है।
इस योजना ने न केवल आवास की समस्या का समाधान किया है, बल्कि हितग्राहियों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रशासन द्वारा योजना के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक इसका लाभ सुनिश्चित किया जा सके। हितग्राही परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

(Bureau Chief, Korba)




