छुरी बालक छात्रावास के दैनिक मजदूर को सेवा से पृथक किया गया
कोरबा (BCC NEWS 24): जिला प्रशासन कोरबा द्वारा शासकीय संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने और छात्रावासों में अध्ययनरत छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की गई है। विकासखण्ड कटघोरा के अंतर्गत संचालित प्री. मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास, छुरी में कार्यरत दैनिक मजदूर श्री केसर दुबे को उनके अशोभनीय व्यवहार और गंभीर लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया है। प्राप्त विवरण के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध पूर्व में भी शराब का सेवन कर छात्रावास परिसर में प्रवेश करने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिस पर उन्हें कड़ी समझाइश देते हुए लिखित माफीनामा भी लिया गया था। तत्पश्चात भी 27 मार्च 2026 को उक्त कर्मचारी ने पुनः शराब के नशे में छात्रावास पहुंचकर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस अप्रिय स्थिति के कारण भयभीत होकर भागने के दौरान कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर के आंख के ऊपरी हिस्से में चोट लग गई। जिला प्रशासन ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए घायल छात्र का तत्काल प्राथमिक उपचार सुनिश्चित कराया। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा द्वारा जारी आदेश के तहत, शासकीय नियमों के उल्लंघन और छात्रों की सुरक्षा के प्रति बरती गई इस गंभीर लापरवाही को अक्षम्य मानते हुए श्री केसर दुबे की सेवाएँ तत्काल समाप्त की गई हैं। छात्रों के हितो एवं शिक्षण संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने हेतु लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध भविष्य में इसी प्रकार की कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

(Bureau Chief, Korba)



