रायपुर : हुंडिका (हुड़िका) जलाशय विस्तार कार्य हेतु 16.49 करोड़ की मिली प्रशासकीय स्वीकृति

        रायपुर (BCC NEWS 24): राज्य शासन द्वारा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखण्ड बैकुण्ठपुर अंतर्गत हुंडिका (हुड़िका) जलाशय योजना के निर्माण (विस्तारीकरण) कार्य हेतु 1649.59 लाख ( सोलह करोड़ उनचास लाख उनसठ हजार रुपए) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के अंतर्गत जलाशय के विस्तार के माध्यम से रूपांकित 760 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता के विरुद्ध उत्पन्न कमी को दूर करते हुए लगभग 689 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

        परियोजना पर व्यय अनुसूचित जनजाति उपयोजना अंतर्गत लघु सिंचाई मद से किया जाएगा। शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्य स्वीकृत राशि एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा तथा ड्रॉइंग एवं डिज़ाइन का अनुमोदन सक्षम अधिकारी से कराया जाएगा। निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाया जाएगा तथा पर्याप्त बाधा-रहित भूमि उपलब्ध होने पर ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यदि भू-अर्जन की आवश्यकता हो, तो इसे स्वीकृत सीमा में ही किया जाएगा, अन्यथा निर्माण कार्य शासकीय भूमि पर ही कराया जाएगा।

        निर्माण कार्य में मितव्ययिता, गुणवत्ता एवं वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। साथ ही कार्य को अनुबंधानुसार निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य होगा तथा अनावश्यक समय-वृद्धि की अनुमति नहीं दी जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories