पटना: सम्राट चौधरी बिहार के नए CM होंगे। उन्हें पहले बीजेपी फिर NDA विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। सम्राट राजभवन पहुंचे और राज्यपाल से मिलकर उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया।
कल 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथग्रहण समारोह होगा। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री होगा।
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA की बैठक में नीतीश सम्राट के प्रस्तावक बने। नीतीश ने उन्हें माला पहनाई। विधायकों से ताली बजवाई। सम्राट ने भी पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैंने नीतीश जी से राजनीति सीखी है। उनके साथ मैंने काम किया है। उनके समृद्ध बिहार को और आगे ले जाना है।
आज नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी से राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा।
इस्तीफे के बाद उन्होंने X पर लिखा- ‘अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा, बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।’
नई सरकार के हाई लाइट्स
- सुबह 9 बजेः नीतीश कुमार से मिलने जदयू के टॉप लीडर्स संजय झा, ललन सिंह, विजय चौधरी CM आवास पहुंचे।
- सुबह 11 बजेः नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई। कैबिनेट में सीएम के धन्यवाद प्रस्ताव पर मुहर लगी।
- दोपहर करीब 2.30 बजेः नीतीश कुमार के इस्तीफे से पहले नितिन नवीन समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता सीएम हाउस पहुंचे।
- दोपहर 3.15 बजेः CM नीतीश राजभवन पहुंचे और राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपा।
- 3ः24 बजेः नीतीश ने पोस्ट किया- मैंने इस्तीफा दे दिया है। अब नई सरकार बिहार का काम देखेगी। मेरा मार्गदर्शन रहेगा।
- 3ः30 बजेः नीतीश के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी, शिवराज सिंह दफ्तर पहुंचे और बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल हुए।
- शाम 4 बजेः बैठक में सम्राट को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया।
जहां तक हो सका बिहार के लिए काम किया
नीतीश के इस्तीफे से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। उनके साथ सम्राट चौधरी और बीजेपी के कई सीनियर लीडर्स भी थे।
आज नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई। जहां नीतीश ने कहा – ‘2005 में मैं सरकार में आया, जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया, नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा।’
अब सियासी हलचल से जुड़ी कुछ तस्वीरें…

BJP विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी।

CM के ऐलान के बाद शिवराज ने सम्राट को बधाई दी।

राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपते नीतीश कुमार।

पटना एयरपोर्ट पर शिवराज सिंह चौहान को बुके देते सम्राट चौधरी।

CM रेस में सबसे आगे चल रहे सम्राट चौधरी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया।

आखिरी कैबिनेट मीटिंग के बाद मंत्री रामकृपाल यादव नीतीश कुमार के सामने आंसू पोंछते दिखे।

(Bureau Chief, Korba)




