रायपुर : ईसीआई ने अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम-2026 के दूसरे चरण का शुभारंभ

              रायपुर (BCC NEWS 24): भारत निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं के लिए जारी आम चुनावों के संबंध में आज नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम  2026 के दूसरे चरण की शुरुआत की।मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

              कार्यक्रम के इस दूसरे चरण में 17 देशों के 34 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें दिल्ली स्थित विदेशी मिशनों के प्रतिनिधि और ‘इंटरनेशनल आईडीईए’ का एक प्रतिनिधि शामिल है। प्रतिभागी 22 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे।कार्यक्रम के पहले चरण में प्रतिनिधियों ने 8 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा किया था।

              आज IIIDEM में प्रतिनिधियों को ईवीएम का प्रदर्शन दिखाया गया तथा उन्होंने मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग कर मॉक पोल में भाग लिया। प्रतिनिधियों ने भारत में चुनाव प्रक्रिया के दौरान किए जाने वाले तकनीकी हस्तक्षेपों और प्रशासनिक सुरक्षा उपायों में गहरी रुचि दिखाई। विशेषज्ञों के साथ आयोजित संवादात्मक सत्र में उन्होंने अपनी शंकाओं और प्रश्नों का समाधान किया। प्रतिनिधि 22 अप्रैल को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लिए प्रस्थान करेंगे। वे प्रेषण एवं वितरण केंद्रों के साथ-साथ जिला नियंत्रण कक्षों और मीडिया निगरानी केंद्रों सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन करेंगे। साथ ही, वे 23 अप्रैल की सुबह वास्तविक मतदान के भी साक्षी बनेंगे।

              अंतर्राष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम, अन्य देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों (EMBs) और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ सहयोग एवं जुड़ाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग का एक प्रमुख (flagship) कार्यक्रम है।यह कार्यक्रम भारत के चुनावी ढांचे, संस्थागत तंत्र और परिचालन व्यवस्था का व्यापक अवलोकन प्रदान करता है। साथ ही, यह विदेशी प्रतिनिधियों को चुनाव प्रबंधन की सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों से परिचित कराता है। IEVP कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के समक्ष भारत की चुनावी प्रणाली की शक्तियों को प्रदर्शित करता है तथा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनाव कराने के लिए अपनाई गई सर्वोत्तम पद्धतियों को साझा करता है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories