KORBA : सही दवा-शुद्ध आहार : कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कोरबा में पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान प्रारंभ

            कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले में “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 27 अप्रैल से 11 मई तक पन्द्रह दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक युक्त दवाओं और खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फल और सब्जी दुकानों, चाय एवं गुपचुप विक्रेताओं, गन्ना रस एवं जूस सेंटर्स, सॉफ्ट ड्रिंक्स विक्रेताओं तथा डेयरी उत्पाद निर्माताओं एवं विक्रेताओं की सख्त जांच की जा रही है, ताकि खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके। अभियान के प्रथम दिन गुपचुप, चाट, जूस तथा गन्ना रस विक्रेताओं की सघन जांच की गई और सभी विक्रेताओं को खाद्य सामग्री में स्वच्छता बनाए रखने, निषिद्ध खाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने तथा केवल खाद्य-ग्रेड बर्फ का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

            औषधि प्रकोष्ठ के अंतर्गत सहायक औषधि नियंत्रक, औषधि निरीक्षक तथा पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। अभियान के पहले चरण में कोरबा ब्लॉक के प्रसाधन सामग्री के थोक एवं चिल्हर विक्रेताओं की जांच की गई, जिसमें प्रसाधन सामग्री नियमों के तहत उत्पादों के उचित संधारण के निर्देश दिए गए। साथ ही कॉस्मेटिक उत्पादों की एक्सपायरी तिथि की जांच कर ही विक्रय करने तथा सभी उत्पाद वैध बिल के साथ क्रय कर उनके अभिलेख संधारित करने के निर्देश भी दिए गए। यह अभियान छह चरणों में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रसाधन सामग्री विक्रेताओं, थोक एवं खुदरा दवा विक्रेताओं तथा वैक्सीन संधारण करने वाले शासकीय एवं निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही कोटपा के तहत चालानी कार्यवाही, नशीली औषधियों के दुरुपयोग की रोकथाम हेतु मेडिकल स्टोर्स की जांच तथा जनजागरूकता गतिविधियाँ भी संचालित की जाएंगी।

            कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा है कि यह अभियान जनस्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान दीपक ट्रेडर्स रानी रोड, वृंदावन एजेंसी, कन्हैया एजेंसी दर्री रोड, खूबसूरत कॉस्मेटिक शॉप, श्रुति श्रृंगार, ज़ी महासेल निहारिका, इंडिया सेल निहारिका रोड, संजरी बैंगल्स मेन रोड तथा मोहन्नम एजेंसी टीपी नगर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में भी जांच की गई। अभियान 11 मई तक जारी रहेगा, जिसके दौरान जिले भर में व्यापक स्तर पर जांच और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories