रायपुर : एक्सपायरी सामग्री जब्त, 1.08 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

            रायपुर (BCC NEWS 24): सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य विभाग के नोडल अधिकारी के नेतृत्व में तहसीलदार एवं नगर निगम की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में आकस्मिक निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जांच के दौरान नया बस स्टैंड स्थित शिवम् डेली नीड्स (प्रोप्राइटर रमेश गुप्ता) में एक्सपायरी खाद्य सामग्री के विक्रय की शिकायत सही पाई गई। मौके पर लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य की एक्सपायरी सामग्री बरामद कर तत्काल नष्ट कराई गई। संबंधित प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा प्रकरण दर्ज कर विक्रय पर रोक लगा दी गई।

            इसके पश्चात टीम द्वारा पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महामाया भोजनालय में गंदगी पाए जाने पर 10 हजार रुपये, शिवम स्वीट्स में 5 हजार रुपये, मंगली भोजनालय में 5 हजार रुपये, शिवम् भोजनालय में 3 हजार रुपये, सुदामा होटल में 10 हजार रुपये तथा मिश्रा स्वीट्स (गुदरी) में 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

            इसी क्रम में प्रतापपुर चौक स्थित रुचिवन में शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ पाए जाने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। संपूर्ण कार्रवाई के दौरान कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही रुचिवन एवं शिवम् डेली नीड्स के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

            जिला प्रशासन ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories