भीषण गर्मी में संकट से जूझ रहे 100 ग्रामीणों को मिलने लगा स्वच्छ पेयजल
रायपुर BCC NEWS 24): सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित समाधान शिविर में आमजनों की समस्याओं का समयबद्धता के साथ निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में पेयजल समस्या और नए नलकूप खनन की मांग को लेकर प्राप्त आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए मुंगेली जिले के ग्राम मोहतरा में ट्यूबवेल खनन कराया गया, इससे ग्रामीणों की पेयजल संबंधी समस्या दूर हो गई। ग्राम मोहतरा के ग्रामीण भीषण गर्मी और लगातार गिरते भू-जल स्तर के बीच लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे थे। हैंडपंपों के सूख जाने से लोगों को दूर-दराज और दुर्गम स्थानों से पानी लाना पड़ता था, लेकिन सुशासन तिहार-2026 के तहत लगाए गए शिविर में ग्रामीणों द्वारा की गई एक पहल ने पूरे गांव की तस्वीर बदल दी। मुंगेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरेठा के आश्रित ग्राम मोहतरा, वार्ड क्रमांक-12 में संतृप्तिकरण शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल समस्या और नए नलकूप खनन की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने तत्काल अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा गांव का सर्वे किया गया, जिसमें पाया गया कि भीषण गर्मी के कारण लगभग 100 ग्रामीण गंभीर पेयजल संकट से प्रभावित हैं। स्थिति को प्राथमिकता में लेते हुए विभाग ने त्वरित कार्यवाही कर गांव में नया ट्यूबवेल स्थापित कराया। अब नए ट्यूबवेल से ग्रामीणों को आसानी से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही, जिससे दैनिक जीवन काफी सहज हो गया है। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आमलोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने वाला अभियान साबित हो रहा है।

(Bureau Chief, Korba)




