पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, 2 पुलिसकर्मियों समेत 7 की मौत, 23 घायल

        इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में मंगलवार को ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में 2 पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है।

        पुलिस के मुताबिक ब्लास्ट सराय नौरंग तहसील के एक व्यस्त चौराहे पर हुआ। यहां ट्रैफिक पुलिस वार्डन बन्नू और डेरा इस्माइल खान के बीच ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे थे।

        लक्की मरवत पुलिस के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि विस्फोटकों से भरा लोडर रिक्शा वहां खड़ा था या किसी आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। बम निरोधक दस्ता ब्लास्ट के नेचर का पता लगाने में जुटा है।

        मृत पुलिसकर्मियों की पहचान आदिल जान और राहतुल्लाह के रूप में हुई है। दोनों के शव तहसील हेडक्वार्टर अस्पताल भेजे गए हैं। घायलों में एक किशोरी और एक महिला भी शामिल हैं। कुछ घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

        सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई दुकानों और थ्री-व्हीलर वाहनों को नुकसान पहुंचा दिखाई दिया। ब्लास्ट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इलाके को घेरकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए।

        शनिवार रात बन्नू के फतेह खेल पुलिस पोस्ट पर आत्मघाती हमले में 15 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगान चार्जे डी अफेयर्स को तलब कर कहा था कि जांच में हमले के तार अफगानिस्तान में मौजूद आतंकियों से जुड़े मिले हैं।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories