कोरबा: चरित्र संदेह पर महिला की हत्या, पति ने कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर किए कई वार, मौके पर मौत, आरोपी ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर, बोला- मैंने अपनी पत्नी को मार डाला

          कोरबा: जिले के पाली थाना क्षेत्र में चरित्र संदेह को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना गुरुवार सुबह बरहामुड़ा धरसापारा गांव की है। हत्या के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

          पुलिस के मुताबिक, मृतका पूर्णिमा यादव (32) गुरुवार सुबह मजदूरी और घरों में काम करके घर लौटी थीं। इसी दौरान पति रामाशंकर यादव से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

          आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

          आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

          सिर और गर्दन पर किए कई वार

          हमले में पूर्णिमा यादव के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका और आरोपी के तीन छोटे बच्चे हैं। मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद बच्चे बेसहारा हो गए हैं।

          पत्नी के चरित्र पर करता था शक

          ग्रामीणों और पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी रामाशंकर यादव अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था।

          ग्रामीणों के अनुसार, पूर्णिमा मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं, जबकि आरोपी शराब का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था।

          हत्या के बाद सीधे थाने पहुंचा आरोपी

          पत्नी की हत्या करने के बाद रामाशंकर यादव सीधे पाली थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर बरहामुड़ा धरसापारा गांव पहुंची।

          पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल टांगी जब्त कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पूछताछ में चरित्र संदेह के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की है।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories