कोरबा: रेलवे विद्युत खंभे चोरी मामले में खुलासा, 2 गिरफ्तार, बदमाशों ने गैस कटर से दिया वारदात को अंजाम, मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

        कोरबा: जिले में बांकीमोंगरा पुलिस ने 42 लाख रुपए के रेलवे विद्युत खंभे चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने किराए की ट्रक और गैस कटर का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया था।

        थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा ने बताया कि कटघोरा निवासी अनीश कुमार सिंह ने 17 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी आरएस इन्फा प्रोजेक्ट, सुराकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिकल कार्य कर रही थी। कंपनी ने बांकी 04 नंबर बायपास रोड किनारे 444 रेलवे विद्युत खंभे डंप किए थे।

        शिकायत के अनुसार 444 खंभों में से 193 लगाए जा चुके थे, जबकि 251 बाकी थे। 4 फरवरी को जांच करने पर केवल 149 खंभे मौके पर मिले। कुल 102 विद्युत खंभे, जिनकी कीमत 42 लाख 41 हजार 687 रुपये थी, चोरी हो गए थे।

        कोयला ट्रांसपोर्टिंग के बहाने खंभों की चोरी

        जांच में पता चला कि बांकीमोंगरा निवासी धरम सिंह राजपूत और कुसमुंडा निवासी राजा खान उर्फ फिरोज ने ट्रक (CG 10 R 1744) को कोयला ट्रांसपोर्टिंग के बहाने किराए पर लिया था। इन दोनों ने ड्राइवर अशोक चौहान के साथ मिलकर बांकी 04 नंबर के पास से खंभों को गैस कटर से काटकर चुराया।

        आरोपी गिरफ्तार

        पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी धरम सिंह राजपूत और राजा खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। धरम सिंह की निशानदेही पर गैस सिलेंडर और कटर भी जब्त किए गए।

        ट्रक और रेलवे विद्युत खंभों के टुकड़े बरामद

        पुलिस ने हिंदुजा फाइनेंस कंपनी, बिलासपुर से चोरी में प्रयुक्त ट्रक (CG 10 R 1744) और 140 नग रेलवे विद्युत खंभों के टुकड़े बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय कटघोरा में पेश कर उपजेल भेज दिया गया है।

        मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

        पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत बांकीमोंगरा का निगरानी बदमाश है। पिछले साल उसे अवैध कट्टा रखने और फायरिंग के आरोप में जेल भेजा गया था। जिले के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ 3 दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।



                Hot this week

                रायपुर : आंगन मिलन से पोषण जागरूकता को मिला जनसहभागिता का आधार

                सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत...

                Related Articles

                Popular Categories