हैदराबाद: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने पॉक्सो केस में आरोपी बेटे बंदी भगीरथ को पुलिस को सौंप दिया है। बंदी संजय कुमार ने शनिवार को कहा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं।
हालांकि बंदी संजय के बयान के आधे घंटे बाद ही तेलंगाना पुलिस ने कहा- आरोपी भगीरथ को हैदराबाद शहर के बाहरी इलाके से पकड़ा गया है। यह सरेंडर नहीं है।
इस मामले में पुलिस ने भगीरथ के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था, ताकि वे देश छोड़कर न जा सके। यह मामला 17 साल की लड़की की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
आरोप है कि भगीरथ ने शादी का वादा कर नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया। पुलिस ने 8 मई को पॉक्सो एक्ट और BNS की धाराओं में केस दर्ज किया था। तेलंगाना हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भगीरथ को गिरफ्तारी से राहत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले किया गया।
भगीरथ ने भी लड़की के परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि लड़की के परिवार ने शादी और पैसों के लिए दबाव बनाया और 5 करोड़ रुपए मांगे।
हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक से इनकार किया था
इससे पहले शुक्रवार को तेलंगाना हाईकोर्ट ने भगीरथ की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। जस्टिस टी माधवी देवी ने शुक्रवार शाम याचिका पर सुनवाई की। सुनवाई करीब आधी रात तक चली। उनकी अंतरिम अग्रिम जमानत याचिका पर अब अगली वेकेशन कोर्ट में आदेश आएगा।
कोर्ट में दोनों पक्षों ने क्या कहा…
पीड़ित पक्ष- आरोपी का परिवार प्रभावशाली है, इससे सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका है। आरोपी को कोई राहत न दी जाए।
बचाव पक्ष: अदालत के पास अंतिम सुनवाई तक अंतरिम जमानत देने का अधिकार है। शिकायतकर्ता ने खुद माना है कि उनकी बेटी 2025 से आरोपी के साथ रिश्ते में थी। लड़की के परिवार ने शादी का दबाव बनाया था। 50 हजार रुपए लेने के बाद 5 करोड़ रुपए मांगे और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भगीरथ। (फाइल फोटो)
नाबालिग से सात-आठ महीने से संपर्क में थे भगीरथ
दरअसल, नाबालिग की मां का आरोप है कि भगीरथ उनकी बेटी के साथ रिलेशनशिप में था और इस दौरान उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस के मुताबिक दोनों पिछले सात-आठ महीनों से संपर्क में थे। हालांकि भगीरथ ने आरोपों से इनकार किया है।
उन्होंने तेलंगाना के करीमनगर में हनी ट्रैप और उगाही की शिकायत दर्ज कराई है। मंत्री के PRO की ओर से जारी बयान में दावा किया गया कि एक महिला ने अपनी बेटी के जरिए भगीरथ को फंसाने की कोशिश की और बाद में बड़ी रकम मांगकर ब्लैकमेल किया। बयान में यह भी दावा किया गया कि महिला अपनी बेटी की उम्र गलत बता रही है।
बंदी संजय ने कहा था- अगर बेटा दोषी है तो उसे सजा मिले
केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने अपने बेटे भगीरथ पर दर्ज POCSO केस को लेकर कहा था कि अगर उनका बेटा दोषी पाया जाता है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं और वह बेटे का बचाव नहीं कर रहे।
KTR ने बंदी संजय के इस्तीफे की मांग की
इस मामले को लेकर BRS नेता केटी रामा राव (KTR) ने तेलंगाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीड़िता के साथ अन्याय हो रहा है और BJP की ‘बेटी बचाओ’ मुहिम पर सवाल उठाए।
KTR ने मांग की कि केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार या तो इस्तीफा दें या उन्हें पद से हटाया जाए। KTR ने आरोप लगाया कि मंत्री के बेटे के खिलाफ कार्रवाई में देरी हुई और पूछा कि क्या कानून में उन्हें कोई विशेष छूट दी गई है।
हैदराबाद में खैरताबाद बस स्टैंड पर केंद्रीय राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भगीरथ को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में दावा किया गया है कि POCSO केस में आरोपी बंदी भगीरथ लापता है।

(Bureau Chief, Korba)




