रायपुर : सुशासन तिहार में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

            कमलपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 291 आवेदन प्राप्त

            विभिन्न विभागों ने हितग्राहियों को सामग्री, प्रमाण पत्र और योजनाओं का लाभ वितरित किया

            रायपुर (BCC NEWS 24): प्रदेशभर में चल रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत शासन की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के विकासखंड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत कमलपुर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

            शिविर में प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री, प्रमाण पत्र एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। शिविर में शिकायत एवं मांग संबंधी कुल 291 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण की दिशा में कार्रवाई की गई।

            महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों की गोदभराई एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। राजस्व विभाग ने 6 हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका प्रदान की, जबकि मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को मछली पकड़ने के लिए जाल वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा खाद्य विभाग ने 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड प्रदान किए। पंचायत विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को आयुष पेंशन स्वीकृति पत्र एवं एक हितग्राही को जन्म प्रमाण पत्र दिया गया।

            शिक्षा विभाग की ओर से 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 8 मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

            शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories