पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में निर्माण पूरा करने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कर रहे नियमित मॉनिटरिंग
रायपुर (BCC NEWS 24): जशपुर-सन्ना मार्ग पर मरगा नदी पर पुल के निर्माण का कार्य प्रगति पर है। अब तक इसका 45 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। पुल का काम पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। विभाग द्वारा 4 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण किया जा रहा है। पुल के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर चयनित निर्माण एजेंसी को 6 मार्च को कार्योदेश जारी किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुल की निर्माण अवधि में यातायात को सुगम बनाए रखने डायवर्सन रोड का निर्माण किया गया है। साथ ही पुल के एबटमेंट ए-1 की नींव की खुदाई का कार्य जारी है, जबकि एबटमेंट ए-2 का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। पी-1 का पीयर कैप निर्माण कार्य चल रहा है तथा पी-2 का कार्य भी प्रगति पर है। अधिकारियों ने बताया कि कार्य की निर्धारित पूर्णता तिथि फरवरी-2027 है और निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा और अधिक सुदृढ़ होगी।

(Bureau Chief, Korba)



