मध्य प्रदेश: भोपाल के एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने उसकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। टीम गिरिबाला सिंह को मेनिट लेकर पहुंची है। यहीं मेडिकल बोर्ड को बुलाकर उनका चेकअप कराया जाएगा। सीबीआई ने मेनिट परिसर में ही कैंप ऑफिस बनाया है। मेडिकल चेकअप के बाद गिरिबाला को सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीबीआई के अधिकारी गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे गिरिबाला के घर पहुंचे थे। करीब 7 घंटे तक पूछताछ करने के बाद शाम 5 बजकर 10 मिनट पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले बुधवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का आदेश जारी किया। इसमें कहा- मामले की गंभीरता, सबूत और जांच की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं था।
देखिए, तीन तस्वीरें…

गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई अधिकारी उन्हें घर से बाहर लाए।

पहले से तैयार खड़ी कार में गिरिबाला सिंह को बैठाया गया।

सीबीआई अधिकारी गिरिबाला को मेडिकल चेकअप के लिए मेनिट परिसर ले गए।
हाई इंटेंसिटी कैमरे से रिकॉर्डिंग की
इससे पहले आज जांच के दौरान सीबीआई ने गिरिबाला सिंह के घर में हाई इंटेंसिटी 3D कैमरा लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। आसपास की लोकेशन भी स्कैन की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल किसी पड़ोसी मकान की छत या बालकनी से दिखाई देता है या नहीं।

हाई इंटेंसिटी 3D कैमरे से साइंटिफिक एविडेंस तैयार किए गए।
12 मई की रात हुई थी ट्विशा की मौत
12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
24 मई को भोपाल AIIMS में दिल्ली AIIMS की टीम ने ट्विशा की डेड बॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद शाम को भदभदा श्मशान घाट में ट्विशा का अंतिम संस्कार किया गया। भाई मेजर हर्षित शर्मा ने मुखाग्नि दी थी।

गिरिबाला सिंह गुरुवार सुबह स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाते दिखी थीं।

(Bureau Chief, Korba)




