रायपुर : भीषण गर्मी में राहत – हैंडपंप सुधार कार्य से ग्रामीणों को मिल रही निर्बाध पेयजल सुविधा

            तिलोखन गांव में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की त्वरित कार्रवाई, जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को मिली राहत

            रायपुर (BCC NEWS 24): भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में खराब एवं बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल रही है।

            इसी क्रम में विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलोखन के ग्राम तिलोखन में विभागीय टीम द्वारा हैंडपंपों का निरीक्षण एवं मरम्मत कार्य किया गया। लंबे समय से प्रभावित पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए हैंडपंपों को पुनः चालू किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुगम पेयजल उपलब्ध होने लगा है। गर्मी के मौसम में जल स्रोतों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर खराब हैंडपंपों की पहचान की जा रही है। प्राप्त शिकायतों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसी भी गांव में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।

            विभागीय अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मरम्मत दल लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। हैंडपंपों की तकनीकी जांच, मरम्मत एवं आवश्यक पुर्जों के प्रतिस्थापन का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। ग्रामीणों ने समय पर की गई कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हैंडपंपों के सुधार से उन्हें दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है और दैनिक जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है।

            जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को पेयजल संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जानकारी देने की अपील की गई है, ताकि त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा सके। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में हैंडपंप सुधार एवं पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण का कार्य लगातार जारी है, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories