रायपुर : सुशासन तिहार 2026 : खारीबहार शिविर में 679 आवेदन प्राप्त, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

          13 गांवों के ग्रामीण हुए शामिल, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और मृदा स्वास्थ्य कार्ड का किया गया वितरण

          रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम खारीबहार क्लस्टर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों से कुल 679 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।

          शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। वहीं कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 15 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक ऋण सुविधा एवं मिट्टी की गुणवत्ता के अनुरूप वैज्ञानिक खेती करने में सहायता मिलेगी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

          साथ ही 24 हितग्राहियों को आधार कार्ड वितरित कर उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव स्तर पर पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।



                    Hot this week

                    Raipur : अदाणी पावर को उत्कृष्ट ईएसजी प्रदर्शन के लिए NSE सस्टेनेबिलिटी की मान्यता

                    ‘एस्पायरिंग’ श्रेणी हासिल की, थर्मल पावर सेक्टर में सबसे...

                    Related Articles

                    Popular Categories