कृषि मंत्री रामविचार नेताम 5 जून को सांकरा-पाटन में करेंगे अभियान का शुभारंभ
रायपुर (BCC NEWS 24): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किसानों को टिकाऊ कृषि, मृदा संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा कल 5 जून को उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा-पाटन में एक दिवसीय ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यशाला एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा।
उद्यानिकी मंत्री श्री रामविचार नेताम कल इस अभियान का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल, कृषि उत्पादन आयुक्त, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि, किसान तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगीत, एआई आधारित वेब पोर्टल, विगत दो वर्षों की उद्यानिकी एवं वानिकी अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों का संकलन, विश्वविद्यालय विजन-2047, न्यूजलेटर तथा अन्य प्रकाशनों का विमोचन किया जाएगा। साथ ही किसानों को कृषि उपयोगी आदान सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत मृदा परीक्षण, जैविक खाद संवर्धन तथा प्राकृतिक खेती में जीवामृत, बीजामृत, निमास्त्र, ब्रह्मास्त्र और घनजीवामृत के उपयोग का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। विशेषज्ञ वैज्ञानिक किसानों को फल एवं सब्जी फसलों में समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देंगे।

(Bureau Chief, Korba)



