रायपुर : उर्वरकों की कालाबाजारी पर कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई, 1372 बोरी खाद जब्त

              ’खरीफ सीजन से पहले निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण जारी’

              रायपुर (BCC NEWS 24): जांजगीर-चांपा जिले में किसानों को समय पर और उचित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उर्वरक वितरण में अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1372 बोरी खाद जब्त की है।

              ’खरीफ सीजन से पहले निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण जारी’

              उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि जिले के दो उर्वरक विक्रेताओं के यहां उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत कार्रवाई की गई। विकासखंड नवागढ़ के ग्राम पोड़ी स्थित मेसर्स सुरेश कुमार अग्रवाल के गोदाम से 1000 बोरी सिंगल सुपर फास्फेट तथा 272 बोरी एनपीके खाद जब्त की गई। वहीं ग्राम तुस्मा स्थित मेसर्स पटेल खाद भंडार से 100 बोरी यूरिया जब्त किया गया।

              जांच के दौरान संबंधित विक्रेताओं द्वारा उर्वरकों के क्रय बिल प्रस्तुत नहीं किए गए। साथ ही स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं पाया गया तथा पीओएस मशीन में दर्ज मात्रा और गोदाम में उपलब्ध उर्वरक की मात्रा में भी अंतर पाया गया। इन अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने गोदामों में भंडारित उर्वरकों को जब्त कर लिया।

              उप संचालक कृषि ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को खाद की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories