रायपुर : विश्व पर्यावरण दिवस पर मुड़पार में विशेष ग्रामसभा

        प्रभारी सचिव द्वारा विकास कार्यों की समीक्षा

        रायपुर (BCC NEWS 24): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम मुड़पार में आयोजित विशेष ग्रामसभा में प्रभारी सचिव श्री अविनाश चम्पावत ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर विकास कार्यों की समीक्षा की और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, जल संवर्धन और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस ग्रामसभा में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह तथा राज्य सलाहकार अभिलाषा आनंद भी मौजूद रहीं।

        ग्रामसभा में पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और सतत ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी सचिव श्री चम्पावत ने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने, नालियों पर सुरक्षा जाल या ढक्कन लगाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित ग्राम वातावरण तैयार करने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।

        कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर परिवार बिजली खर्च में कमी ला सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने विभिन्न विकास योजनाओं और आगामी कार्यों की जानकारी दी, जबकि राज्य सलाहकार अभिलाषा आनंद ने स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, पुनर्चक्रण और उसके पर्यावरणीय व आर्थिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

        ग्रामसभा में ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ, हरित और आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ श्री मनीष साहू, सहायक कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) श्री फैज मेमन, जिला समन्वयक डॉ. छोटेलाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories