कलेक्ट्रेट परिसर सहित चार प्रमुख स्थानों के लिए 144.29 लाख रुपये का प्रस्ताव राज्य स्तर पर भेजा गया
रायपुर (BCC NEWS 24): स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा शहर में आधुनिक एवं सुविधायुक्त आकांक्षीय (Aspirational) शौचालयों के निर्माण हेतु राज्य शहरी विकास अभिकरण, रायपुर को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव के तहत शहर के चार प्रमुख स्थलों पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण तथा उनके संचालन-संधारण की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर एवं थोक सब्जी मंडी, सुभाषनगर में 10-सीटर टाइप-1 आकांक्षीय शौचालयों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं स्वच्छता चेतना उद्यान तथा सरगंवां पुष्पवाटिका में 6-सीटर टाइप-1 आकांक्षीय शौचालय स्थापित किए जाने की योजना बनाई गई है।
परियोजना के अंतर्गत शौचालयों के निर्माण के साथ-साथ उनके नियमित संचालन एवं रखरखाव की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। चारों शौचालयों के निर्माण एवं संचालन-संधारण के लिए कुल 144.29 लाख रुपये की स्वीकृति का प्रस्ताव राज्य स्तर पर भेजा गया है। नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप ने बताया कि इन आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण से शहरवासियों, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों तथा अन्य आगंतुकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के उद्देश्यों को साकार करने के साथ-साथ अम्बिकापुर में स्वच्छता अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव को स्वीकृति प्राप्त होने के बाद संबंधित स्थलों पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे शहर में सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित हो सकेगा।

(Bureau Chief, Korba)


