रायपुर : 550 खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण, जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन

              महापौर मंजूषा भगत ने खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर किया सम्मानित

              खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास का सशक्त माध्यम : महापौर

              रायपुर (BCC NEWS 24): खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 25 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन गांधी स्टेडियम, अम्बिकापुर में संपन्न हुआ। शिविर में जिलेभर के लगभग 550 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के दौरान फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, शतरंज, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, मलखंभ, कबड्डी, बैडमिंटन तथा नेटबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं संबंधित खेल संघों के सहयोग से प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार एवं आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। वहीं स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार को क्रॉस कंट्री दौड़ एवं साइकिल रेस जैसी गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।

              समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभापति श्री हरविन्दर सिंह टिन्नी तथा एमआईसी सदस्य श्री रविकांत उरांव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र तथा प्रशिक्षकों को ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का झुकाव मोबाइल और टीवी की ओर बढ़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने अभिभावकों द्वारा बच्चों को नियमित रूप से शिविर में भेजने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

              कार्यक्रम में सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री राम कुमार सिंह ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मंच संचालन श्री राकेश मिश्रा एवं श्रीमती सुनीता दास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री देवेन्द्र कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री देवनाथ राम एक्का, श्री अमर प्रसाद सिंह, श्री प्रदीप कुजूर सहित विभागीय सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories