प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आमंत्रित किए गए नामांकन
31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन, 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे हैं पात्र
रायपुर (BCC NEWS 24): बच्चों की असाधारण प्रतिभा, साहस और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के पात्र बच्चों, अभिभावकों एवं संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश का प्रतिष्ठित सम्मान है, जो उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो। यह सम्मान भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है।
विभागीय जानकारी के अनुसार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक बच्चे स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं, वहीं अभिभावक, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन अथवा अन्य व्यक्ति भी योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं।
सभी आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए awards.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।
राज्य शासन ने प्रदेश के प्रतिभाशाली, नवाचारी और प्रेरणादायी बच्चों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने तथा पुरस्कार के लिए समय-सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है।

(Bureau Chief, Korba)




