रायपुर : पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निजी स्कूलों में मिलेगी कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा

            आवेदन की अंतिम तिथि 03 जुलाई

            रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित ’अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 03 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित की गई है। जिला श्रम अधिकारी बालोद ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियो को प्रदेश के निजी स्कूलों में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि बालोद जिले को इस वित्तीय वर्ष मे 07 सीटों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक निर्माणी श्रमिक अपने बच्चों के प्रवेश के लिए 03 जुलाई 2026 तक ऑनलाईन आवेदन श्रमेव जयते मोबाइल एप्प के माध्यम से कर सकते हैं। 

            इसके अलावा वे श्रम संसाधन केन्द्र गुण्डरदेही, गुरूर, बालोद, डौण्डी एवं डौण्डीलोहारा या जिला श्रम कार्यालय बालोद के कक्ष क्रमांक 73 एवं 74 में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भी आवेदन कर सकते है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ निर्माण श्रमिक की प्रथम दो संतानो मिलेगा जिनका पंजीयन एक वर्ष पूर्व का हो तथा जो वर्तमान में शैक्षणिक सत्र कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हांे। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में श्रम पंजीयन कार्ड, बच्चे का आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, पूर्व वर्ष की अंक सूची, अध्ययनरत प्रमाण पत्र, स्व-घोषणा प्रमाण पत्र आवश्यक है। विद्यार्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। जिला श्रम अधिकारी ने छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिकों से आवेदन करने की अपील की है।


                          Hot this week

                          कनाडा: सैन्य अड्डे पर जोरदार धमाका, 4 सैनिकों की मौत

                          अल्बर्टा: कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में सैन्य अड्डे पर...

                          Related Articles

                          Popular Categories