राज्य शासन और एलिम्को की पहल से जरूरतमंदों को मिलेगा निःशुल्क सहारा, आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ेंगे कदम
रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। इसी कड़ी में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी जिले में 24 एवं 25 जून को विशेष पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। समाज कल्याण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को ), भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ऐसे नागरिकों तक सहायता पहुंचाना है, जिन्हें दैनिक जीवन में चलने-फिरने, सुनने या अन्य शारीरिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सहायक उपकरण मिलने से न केवल उनकी जीवनशैली सरल होगी, बल्कि उनका आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता भी बढ़ेगी।
24 जून को जनपद पंचायत नगरी में आयोजित शिविर में नगरी एवं मगरलोड क्षेत्र के हितग्राहियों का पंजीयन, चिन्हांकन और मापन किया जाएगा। वहीं 25 जून को जिला निःशुल्क पुनर्वास केन्द्र, धमतरी में धमतरी, कुरूद तथा अन्य संबंधित क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए शिविर का आयोजन होगा।शिविरों के दौरान पात्र हितग्राहियों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, वॉकर, बैसाखी सहित विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए मापन एवं पात्रता परीक्षण किया जाएगा। इसके पश्चात चयनित हितग्राहियों को निःशुल्क उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
राज्य शासन की यह पहल केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को गरिमामय जीवन, आत्मनिर्भरता और मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनके जीवन की कठिनाइयाँ कम होंगी और वे सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय भागीदारी कर सकेंगे।समाज कल्याण विभाग ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस जनकल्याणकारी पहल का लाभ उठाएं। राज्य शासन का लक्ष्य है कि समाज का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे और सभी को समान अवसरों के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त हो।

(Bureau Chief, Korba)




