रायपुर : श्रमिक कार्ड में त्रुटि होने पर तत्काल सुधार कराएं, मात्र 20 रुपये में उपलब्ध है सुविधा

              रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों को अपने श्रमिक कार्ड में दर्ज जानकारी का समय-समय पर सत्यापन कर आवश्यक सुधार कराने की सलाह दी गई है। यदि श्रमिक कार्ड में नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी), जन्म तिथि, लिंग, मोबाइल नंबर अथवा पूर्ण पते से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि है, तो उसे तत्काल संशोधित कराना चाहिए, ताकि भविष्य में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

              छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अधिकारियों ने बताया कि श्रमिक कार्ड में संशोधन का कार्य के लिए मात्र 20 रुपये का निर्धारित सेवा शुल्क लिया जाएगा। इसके लिए श्रमिकों को आधार कार्ड की मूल प्रति तथा सहमति पत्र के साथ आवेदन प्रस्तुत करना होगा। सभी दस्तावेज स्पष्ट एवं पठनीय होना आवश्यक है। श्रम विभाग ने पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने श्रमिक कार्ड की जानकारी अपडेट कराएं। सही एवं अद्यतन जानकारी न केवल विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायक होगी, बल्कि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या से भी बचाएगी। सही जानकारी, सही अधिकार और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए श्रमिकों से अपने श्रमिक कार्ड का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन शीघ्र कराने का आग्रह किया गया है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories