रायपुर : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जशपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज

              ’14 से 15 वर्ष की पात्र किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क लगाई जा रही एचपीवी वैक्सीन’

              ’31 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, कलेक्टर ने अभिभावकों से समय पर टीकाकरण कराने की अपील की’

              रायपुर (BCC NEWS 24): जशपुर जिले में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 31 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसके तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय में पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।

              मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत ऐसी किशोरियां पात्र हैं, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि प्रत्येक पात्र किशोरी को सहजता से इसका लाभ मिल सके।

              कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। शासन द्वारा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए सभी पात्र किशोरियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान कर बेटियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की मजबूत नींव रखता है।

              ’महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल’

              सीएमएचओ डॉ. जात्रा ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को किया गया था। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय मानी जाती है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी का जोखिम काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के अलावा ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले अन्य कैंसर तथा जननांग मस्सों से भी सुरक्षा प्रदान करती है। यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित एवं प्रभावी टीका है। स्वास्थ्य विभाग अभियान के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ प्राप्त कर सकें।


                              Hot this week

                              रायपुर : सहकारिता सप्ताह में कृषक संगोष्ठी आयोजित

                              आधुनिक और जैविक खेती अपनाने का संदेश, किसानों को...

                              रायपुर : सीएम हेल्पलाइन 1076 से तीजन बाई को मिला नया राशन कार्ड

                              शिकायत के त्वरित निराकरण से मिली राहतहितग्राही ने शासन...

                              Related Articles

                              Popular Categories