रायपुर : वाणिज्य-उद्योग मंत्री देवांगन की पहल पर कोरबा के 10 विकास कार्यों के लिए सीएसआर मद से 2.27 करोड़ रुपये स्वीकृत

            रायपुर (BCC NEWS 24): प्रदेश में आधारभूत अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वाणिज्य-उद्योग मंत्री तथा कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन के प्रस्ताव पर वेदांता बालको प्रबंधन ने अपनी कॉर्पाेरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निधि से कोरबा नगर के 10 विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 27 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों से विभिन्न वार्डों में सामुदायिक अधोसंरचना, सड़क, नाली और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को लाभ मिलेगा। मंत्री श्री देवांगन के सतत प्रयासों से राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) और सीएसआर मद से भी विकास कार्यों के लिए लगातार स्वीकृतियां प्राप्त हो रही हैं। इसके परिणामस्वरूप कोरबा नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में विकास कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं तथा नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

            स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 39 पाड़ीमार (बालको) में राठौर भवन के पास 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण, वार्ड 41 (बालको) अंबेडकर चौक के पास 10 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का निर्माण, वार्ड 18 कोहड़िया में मां भवानी मंदिर कौशल्या धाम के पास 20 लाख रुपये से बाउंड्रीवाल एवं अन्य विस्तार कार्य, वार्ड 16 पंपहाउस झोपड़ीपारा में 20 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का निर्माण, वार्ड 42 बालको देहानपारा में मिश्रा तालाब से सर्वमंगला चौक तक 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, वार्ड 46 बालको में सुखसागर घर से हाईस्कूल तक 27 लाख रुपये से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, वार्ड 20 में शशी गबेल के घर से जे.पी. साहू तथा चुन्नीलाल के घर से रमेश शर्मा के घर तक 25 लाख रुपये से नाली निर्माण, वार्ड 17 ढोढ़ीपारा के विभिन्न स्थानों पर 20 लाख रुपये से सीसी सड़क निर्माण, वार्ड 31 राजेंद्र प्रसाद नगर (फेज-1) में दशहरा मैदान के पास 25 लाख रुपये से सड़क, स्टोर रूम के नवीनीकरण एवं अन्य विस्तार कार्य तथा वार्ड 52 अयोध्यापुरी में 40 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन का निर्माण शामिल है। इन सभी कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 27 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories