रायपुर : डिजिटल सुशासन की नई मिसाल : ‘सेवा सेतु’ से सुलभ हुआ सफर

              दिव्या पटेल को मिला समय पर विवाह प्रमाण-पत्र

              रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ शासन की लोक-कल्याणकारी पहल ‘सेवा सेतु’ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। डिजिटल प्रणाली पर आधारित यह अनूठी व्यवस्था न केवल आमजन की भागदौड़ और समय की बचत कर रही है, बल्कि जनता का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत कर रही है। नारायणपुर कलेक्टर के निर्देशन में जिले के सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से विभिन्न प्रमाण-पत्र और जरूरी शासकीय सेवाएं बेहद तेजी और पारदर्शिता के साथ प्रदान की जा रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम तारागांव की निवासी दिव्या पटेल पति मिथुन पटेल के लिए यह केंद्र एक बड़ा सहारा बना, जब उन्हें विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र निर्धारित समय-सीमा के भीतर आसानी से प्राप्त हो गया।

              डिजिटल प्रक्रिया से मिली दफ्तरों के चक्करों से मुक्ति

              दिव्या पटेल ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले विवाह पंजीयन जैसे जरूरी कार्यों के लिए शासकीय कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों का नुकसान होता था। लेकिन श्सेवा सेतुश् के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया न सिर्फ बेहद सरल और सुविधाजनक रही, बल्कि डिजिटल माध्यम से इसका त्वरित निराकरण भी किया गया। बिना किसी मानसिक तनाव और बाधा के समय पर प्रमाण-पत्र मिलने से दिव्या के सारे जरूरी काम समय पर पूरे हो सके। उन्होंने इस जनहितैषी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे लोगों को घर के पास ही सभी सेवाएं मिल रही हैं।

              सेवा सेतुः सुशासन का बढ़ता दायरा

              नारायणपुर जिले में सेवा सेतु की सफलता का दायरा दिनों-दिन व्यापक होता जा रहा है। वर्तमान में ग्राम पंचायत स्तर पर कई महत्वपूर्ण सेवाएं दी जा रही हैं, जिनमें मुख्य रूप से पंचायत स्तर पर ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद अब तक 8 नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं। आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर दी जा रही हैं। इसी तरह नल कनेक्शन, साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और भवन निर्माण अनुज्ञा (परमिशन) प्रमाण-पत्र बनाए जा रहे है।

              जल्द जुड़ेंगी राशन कार्ड की ऑनलाइन सेवाएं

              जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए जल्द ही राशन कार्ड से संबंधित महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाएं भी सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से शुरू की जा रही हैं। इसके तहत राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ना,नाम विलोपित (हटाना) करना और अन्य आवश्यक संशोधन संबंधी कार्य घर के पास ही डिजिटल माध्यम से हो सकेंगे। ‘सेवा सेतु’ की यह प्रभावी पहल छत्तीसगढ़ में सुशासन, डिजिटल गवर्नेंस और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो रही है, जो शासन और आम जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु बन चुकी है।


                              Hot this week

                              रायपुर : नचनिया जलाशय के विकास कार्यों के लिए 3.91 करोड़ रुपए स्वीकृत

                              101 हेक्टेयर में मिलेगी सिंचाई सुविधारायपुर (BCC NEWS 24):...

                              रायपुर : महतारी वंदन योजना से शांति बाई ने बनाई अपनी नई पहचान

                              मासिक सहायता से शुरू किया स्वरोजगार और बनी आत्मनिर्भररायपुर...

                              Related Articles

                              Popular Categories