KORBA : संभाग स्तरीय युवा संसद का आयोजन

            कोरबा (BCC NEWS 24): लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं युवाओं में संसदीय प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के सभी संभागों में संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में संसदीय कार्य विभाग द्वारा सभी संभागायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन संबंधित संभागायुक्त के मार्गदर्शन में किया जाएगा। प्रतियोगिता का संचालन संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रकाशित युवा संसद संबंधी पुस्तिका में वर्णित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। प्रत्येक संभाग में विभिन्न जिलों के मध्य अंतरजिला युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके लिए आयोजन स्थल, पारितोषिक तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित संभागायुक्त द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।

            संसदीय कार्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रतियोगिता का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि यथासंभव विभाग का प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हो सके। कार्यक्रम के उद्घाटन अथवा समापन समारोह में मंत्री, संसदीय कार्य विभाग अथवा विभाग के सचिव को भी आमंत्रित किया जा सकेगा। युवा संसद प्रतियोगिता के आयोजन हेतु प्रत्येक संभाग को उनके संबंधित डी.डी.ओ. क्रमांक में 12 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान संसदीय कार्य विभाग के प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करते हुए सभी बैनरों एवं प्रचार सामग्री में विभाग का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

            प्रतियोगिता के सफल आयोजन के उपरांत संबंधित संभागायुक्त द्वारा संसदीय कार्य विभाग को विस्तृत प्रतिवेदन, उपयोगिता प्रमाण पत्र, कार्यक्रम के फोटोग्राफ, सी.डी./पेनड्राइव सहित अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराना होगा। संसदीय कार्य विभाग ने यह भी निर्देशित किया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में युवा संसद कार्यक्रम आयोजित करने के बावजूद जिन संभागों द्वारा अब तक व्यय की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र, मदवार व्यय विवरण, कार्यक्रम का प्रतिवेदन तथा फोटोग्राफ एवं वीडियोग्राफ उपलब्ध नहीं कराया गया है, वे उक्त समस्त जानकारी तत्काल विभाग को प्रेषित करना सुनिश्चित करें।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories