रायपुर : एक कॉल पर मिला समाधान, पीएम आवास की दूसरी किस्त खाते में पहुंची

          सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी दूरस्थ अंचल के ग्रामीणों की बड़ी उम्मीद

          चिकपाल के मेश्राम धारावत की शिकायत पर हुई त्वरित कार्रवाई

          रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 अब प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों के लिए भी अपनी समस्याओं का समाधान पाने का भरोसेमंद माध्यम बन रही है। सुकमा जिले के ग्राम चिकपाल निवासी श्री मेश्राम धारावत के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 ऐसी ही उम्मीद लेकर आई। श्री धारावत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही हैं। उनके आवास की दूसरी किस्त का भुगतान लंबित था। भुगतान में देरी होने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

          शिकायत दर्ज होते ही शुरू हुई कार्रवाई

          शिकायत मिलते ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि श्री धारावत का आवास निर्धारित स्तर तक पूरा हो चुका है और वे दूसरी किस्त के लिए पात्र हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दूसरी किस्त के भुगतान के लिए एफटीओ जनरेट किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की दूसरी किस्त की राशि सीधे श्री मेश्राम धारावत के बैंक खाते में अंतरित कर दी गई। संबंधित अधिकारी ने हितग्राही को इसकी जानकारी दी। राशि प्राप्त होने के बाद श्री धारावत की शिकायत का निराकरण कर दिया गया।

          दूरस्थ गांव तक पहुंचा सुशासन का भरोसा

          श्री मेश्राम धारावत की कहानी बताती है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 अब केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध और पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। अब प्रदेश के दूरस्थ और अंतिम छोर पर बसे नागरिक भी केवल एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी समस्या शासन तक पहुंचा सकते हैं। शिकायत पर संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई की जाती है और समाधान के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी भी दी जाती है। सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से श्री मेश्राम धारावत को मिली राहत यह साबित करती है कि सुशासन अब केवल राजधानी और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।



                    Hot this week

                    रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून का संतुलित असर

                    अब तक औसतन 926.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज, बलरामपुर में...

                    रायपुर : फसल परिवर्तन से बढ़ा उत्पादन और मुनाफा

                    बाम्हनपाली के किसान राजकुमार ने बरबटी और खीरा की खेती...

                    Related Articles

                    Popular Categories