रायपुर : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की कॉलोनियों में 5.30 करोड़ रुपये से अधिक का मेंटेनेंस शुल्क बकाया

              डूमरतराई एवं बोरियाकला कॉलोनियों के बकायादार हितग्राहियों से शीघ्र भुगतान की अपील

              रायपुर (BCC NEWS 24): छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने रायपुर स्थित अपनी बहुमंजिली आवासीय परियोजना हिमालयन हाइट्स, डूमरतराई तथा बोरियाकला कॉलोनी के बकायादार हितग्राहियों से लैंड मेंटेनेंस चार्ज (एल.एम.सी.), कॉमन मेंटेनेंस चार्ज (सी.एम.सी.) एवं जल प्रभार की बकाया राशि शीघ्र जमा करने की अपील की है। मंडल के अनुसार इन दोनों कॉलोनियों में कुल 5 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक का मेंटेनेंस शुल्क लंबित है, जिससे कॉलोनियों के नियमित रखरखाव एवं नागरिक सुविधाओं के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

              मंडल द्वारा कॉलोनियों में सड़कों, नालियों, उद्यानों, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य रखरखाव कार्यों पर नियमित व्यय किया जाता है। इन कार्यों के लिए आवश्यक राशि एल.एम.सी., सी.एम.सी. एवं जल प्रभार से प्राप्त होती है। शुल्क का समय पर भुगतान नहीं होने से लिफ्टों के संचालन एवं रखरखाव, विद्युत देयकों के भुगतान, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के सुचारु संचालन में वित्तीय दबाव लगातार बढ़ रहा है।

              हिमालयन हाइट्स, डूमरतराई कॉलोनी में लगभग 800 आबंटित भवनों के विरुद्ध 197 हितग्राहियों पर लगभग 1.85 करोड़ रुपये का मेंटेनेंस शुल्क बकाया है। इनमें 13 हितग्राहियों पर 1.50 लाख रुपये से अधिक, 50 हितग्राहियों पर 1.00 लाख से 1.50 लाख रुपये, 130 हितग्राहियों पर 50 हजार से 1.00 लाख रुपये तथा 4 हितग्राहियों पर 50 हजार रुपये तक की राशि लंबित है। इसी प्रकार बोरियाकला कॉलोनी में लगभग 4,155 आबंटित भवनों के विरुद्ध 1,716 हितग्राहियों पर लगभग 3.45 करोड़ रुपये का मेंटेनेंस शुल्क बकाया है। इनमें 1 हितग्राही पर 1.50 लाख रुपये से अधिक, 5 हितग्राहियों पर 1.00 लाख से 1.50 लाख रुपये, 216 हितग्राहियों पर 50 हजार से 1.00 लाख रुपये तथा 1,494 हितग्राहियों पर 50 हजार रुपये तक की बकाया राशि लंबित है।

              मंडल के अधिकारियों ने बताया कि बकाया राशि में लगातार वृद्धि होने से आवश्यक रखरखाव कार्यों को समय पर कराना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है, जिसका सीधा असर कॉलोनियों की समग्र व्यवस्था और रहवासियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सामुदायिक सुविधाओं पर पड़ता है।

              बकाया राशि की वसूली के लिए प्रक्षेत्र रायपुर के संबंधित संभाग कार्यालय द्वारा सभी बकायादार हितग्राहियों को नोटिस जारी कर एल.एम.सी., सी.एम.सी. एवं जल प्रभार की बकाया राशि शीघ्र जमा करने का अनुरोध किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि समय पर भुगतान से कॉलोनियों के रखरखाव, लिफ्ट संचालन, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का संचालन निर्बाध रूप से जारी रखा जा सकेगा।

              छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, प्रक्षेत्र रायपुर के अपर आयुक्त श्री एस.के. भगत ने सभी बकायादार हितग्राहियों से अपील की है कि वे बकाया मेंटेनेंस शुल्क, एल.एम.सी., सी.एम.सी. एवं जल प्रभार की राशि शीघ्र जमा कर कॉलोनियों में बेहतर नागरिक सुविधाओं के संचालन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में भुगतान नहीं होने पर मंडल के नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories