रायपुर (BCC NEWS 24): राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय (एसजीजीवी), सरगुजा ने विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों (यूटीडी) एवं संघटक महाविद्यालयों में सतत आंतरिक मूल्यांकन (Continuous Internal Assessment&CIA) को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए समर्पित CIA पोर्टल लागू करने की पहल की है। इस संबंध में बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्रशासनिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत कंप्यूटर विज्ञान विभाग के सह-प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. रेशमलाल प्रधान के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सतत आंतरिक मूल्यांकन की महत्ता बताते हुए कहा कि CIA पोर्टल विद्यार्थियों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय के लिए एक प्रभावी डिजिटल मंच साबित होगा, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने कहा कि CIA पोर्टल विश्वविद्यालय की डिजिटल शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सरगुजा संभाग के अधिकांश विद्यार्थी दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों से आते हैं, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई बार समय पर आंतरिक मूल्यांकन एवं अंक प्रेषण में कठिनाइयां आती हैं। नई डिजिटल व्यवस्था इन चुनौतियों को दूर करते हुए विद्यार्थियों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी।
CIA पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय और के.आर. टेक्निकल कॉलेज, अंबिकापुर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर के.आर. टेक्निकल कॉलेज के डॉ. रितेश वर्मा ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करते हुए इसके संचालन, उपयोगिता और विभिन्न स्तरों पर मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
कुलसचिव ने सभी शिक्षण विभागों एवं संबद्ध महाविद्यालयों से इस डिजिटल पहल को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्प्। पोर्टल के माध्यम से सतत आंतरिक मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होगी, जिससे परीक्षा संचालन, अंकों का समय पर संप्रेषण और विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों तथा विद्यार्थियों के बीच समन्वय और अधिक सुदृढ़ होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी तथा उच्च शिक्षा में पारदर्शिता, दक्षता और डिजिटल सुशासन को नई मजबूती प्रदान करेगी। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा किया गया।

(Bureau Chief, Korba)



