रायपुर : धमतरी के सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर

            वीबी-जी  रामजी योजना से सुदृढ़ होगी शैक्षणिक अधोसंरचना, 200 बालिका शौचालय और खेल सुविधाओं का होगा विकास

            रायपुर (BCC NEWS 24): वीबी-जी रामजी (VB-G RAM G) योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कौशल विकास केंद्र, डिजिटल लर्निंग हब और स्थानीय सामुदायिक संसाधन शामिल हैं। इससे गांवों में शैक्षणिक अधोसंरचना को भी मजबूती मिलती है।

            धमतरी जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। ‘विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी’ (VBG रामजी) योजना के तहत जिले के स्कूलों में बुनियादी ढांचे के व्यापक विकास की स्वीकृति दी गई है। इसके अंतर्गत लगभग 200 बालिका शौचालयों के निर्माण के साथ-साथ किचन शेड, मल्टी-स्पोर्ट्स सुविधाएं और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे।

            ​समग्र विकास के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरी

            धमतरी जिले के ​कलेक्टर ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। स्वच्छ परिसर, सुरक्षित माहौल और बेहतर खेल सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाना और ड्रॉपआउट दर में कमी लाना है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने और सतत निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

            ​छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

            ​जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  ने योजना का विवरण देते हुए बताया कि स्कूलों की व्यावहारिक आवश्यकताओं के आधार पर कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। लगभग 200 नए शौचालयों के निर्माण से छात्राओं की गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।मध्याह्न भोजन का संचालन अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में हो सकेगा।इसी तरह खेल सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता, टीम भावना और खेल कौशल को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही  पेयजल, मरम्मत और सौंदर्यीकरण से स्कूल परिसर को अधिक आकर्षक और छात्र-अनुकूल बनाया जाएगा।

            पारदर्शिता और गुणवत्ता पर रहेगा जोर

            ​जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के सरकारी स्कूलों को आधुनिक और संसाधनयुक्त केंद्रों के रूप में विकसित करना है। सभी विभागों के आपसी समन्वय से निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। यह कदम धमतरी जिले को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक अग्रणी मॉडल बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories