चार जॉब रोल में युवाओं को दिया जाएगा शॉर्ट-टर्म प्रशिक्षण, प्रशिक्षण पूर्ण होने पर मिलेगा प्रमाण पत्र
रायपुर (BCC NEWS 24): युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके कौशल को उद्योग एवं रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना PMKVY 4-0 के तहत जशपुर जिले के 540 युवाओं को निःशुल्क शॉर्ट-टर्म प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को संबंधित कार्यक्षेत्र में आवश्यक कौशल प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार PMKVY 4-0 के अंतर्गत जशपुर जिले में चार प्रमुख जॉब रोल के लिए कुल 540 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें Assistant Electrician के लिए 120, General Duty Assistant के लिए 120, Security Supervisor के लिए 120 तथा Jal Vitrak Sanchalak के लिए 180 सीटें शामिल हैं।
योजना के तहत संबंधित कार्यक्षेत्र में अनुभव रखने वाले और कार्यरत इच्छुक युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। Assistant Electrician प्रशिक्षण के लिए इलेक्ट्रीशियन क्षेत्र में कार्यरत युवा, General Duty Assistant के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत GDA कर्मी, Security Supervisor के लिए सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े युवा तथा Jal Vitrak Sanchalak प्रशिक्षण के लिए पंप ऑपरेटर एवं जल वितरण कार्य से जुड़े कर्मी आवेदन कर सकते हैं।
जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज में होगा पंजीयन एवं काउंसलिंग प्रशिक्षण के इच्छुक युवा जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, जशपुर में संपर्क कर काउंसलिंग एवं पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए पात्रता, प्रशिक्षण अवधि, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य शर्तें PMKVY 4-0 के प्रचलित दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित होंगी। PMKVY 4-0 के माध्यम से युवाओं को मांग आधारित कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

(Bureau Chief, Korba)



